छुट्टी पर घर आई थी छात्रा, संदिग्ध परिस्थितियों में हो गई मौत

 

संवाददाता
देहरादून, 17 सितंबर। छुट्टी लेकर घर आई कोतवाली नगर क्षेत्र के अंतर्गत रेस्ट कैम्प मद्रासी कॉलोनी में एक छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। छात्रा बीबीए कर रही थी। परिजनों द्वारा गुरुवार रात में पुलिस को उसकी मौत की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल की। पुलिस ने शुक्रवार को शव का पोस्टमॉर्टम कराया। पोस्टमॉर्टम की रिपोर्ट आने के बाद ही छात्रा के मौत के कारणों का पता चल पायेगा।19 वर्षीय मनजोत कौर हिमालयन इंस्टीट्यूट से पढ़ाई कर रही थी। 16 सितंबर की सुबह मनजोत कौर अपने घर रेस्ट कैम्प मद्रासी कॉलोनी में आई थी। परिजनों के अनुसार शाम करीब 6 बजे के लगभग अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। इस दौरान मनजोत जोर-जोर से चिल्लाने लगी। ये देखकर परिजन घबरा गए। घबराए परिजन आनन-फानन में मनजोत को दून अस्पताल ले गए और उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। अस्पताल के डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद मनजोत को मृत घोषित कर दिया। नगर कोतवाली प्रभारी रितेश शाह ने बताया कि मनजोत के परिजनों द्वारा सूचना देने के बाद पुलिस दून अस्पताल गई। परिजनों द्वारा बताया गया कि उन्हें शक है कि मनजोत ने कुछ खा लिया था। इस कारण उसकी मृत्यु हुई है। मृत्यु का सही कारण जानने के लिए शव का पोस्टमॉर्टम कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *