गौरा देवी के जन्मदिन पर चार विभूतियों को शैल पुत्र सम्मान से नवाजा

देहरादून। पर्यावरण संरक्षण की जननी व चिपको आंदोलन की प्रेरणास्रोत गौरा देवी के जन्मदिन पर मंगलवार को विरासत फार्म्स में कार्यक्रम आयोजित किया गया। शैल कला एवं ग्रामीण विकास समिति के द्वारा आयोजित इस आयोजन में चार विभूतियों को शैल पुत्र सम्मान से नवाजा गया। इसके अलावा दस लोगों को करोना योद्धा सम्मान देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में बतौर मुख्यअतिथि विधायक उमेश शर्मा काऊ ने शिरकत की। उन्होंने गौरादेवी द्वारा किए गए कार्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने सभी से वृक्षों को बचाने के लिए आगे आने की अपील की। इस अवसर पर गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा के सचिव सेवा सिंह मठारू को सम्मानित किया गया। सरदार गुरुदेव सिंह वार्ने को गौरा देवी चित्र भेंट किया गया। संस्थापक अध्यक्ष स्वामी एस चंद्रा ने कहा कि गौरा देवी के नाम पर एक पार्क तैयार करने की मांग लंबे समय से चली आ रही है। लेकिन अब तक मांग पूरी नहीं हो पाई है। इस दौरान संस्था की संरक्षिका एडवोकेट सावित्री काला सवि, भाजपा नेत्री विनोद उनियाल, अजबपुर खुर्द के पूर्व प्रधान धर्मेंद्र सिंह चंदेल ने अपने विचार रखे। संस्कृति विभाग के सहयोग से सर्वप्रथम लोक गायक सौरभ मैठाणी और उनके साथी कलाकारों ने गढ़ वंदना प्रस्तुत की, अगन्या भंडारी ने गणेश वंदना पर सुंदर नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद कत्थक नृत्यांगना स्वीटी गुसाईं ने कथक की प्रस्तुति दी। इस दौरान कलाकारों ने एक से बढ़कर एक सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। कार्यक्रम को सफल बनाने में आनंद स्वरूप, गायत्री भंडारी, चन्दन सिंह नेगी, आयुष चन्देल, सुनील राणा, अभ्यंश चन्द्रा, पूजा चन्द्रा, देव, अनमोल आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *