Tuesday, July 28, 2026
Latest:

मानसिक रूप से कमजोर लड़की से सामुहिक दुष्कर्म मामले में कड़ी कार्रवाई के निर्देश

रुद्रप्रयाग। उत्तराखंड के रुद्रप्रयाग में बेहद ही शर्मसार कर देने वाली घटना मानसिक रूप से कमजोर युवती से सामूहिक दुष्कर्म के मामले की खबर पर उत्तराखंड राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने स्वतः संज्ञान लेते हुए एसपी रुद्रप्रयाग से वार्ता की।

उन्होंने घटना में शीघ्रता से कार्यवाही किये जाने, सभी आरोपियों को जल्द से जल्द पकड़ने और उनके विरुद्ध कड़ी दंडात्मक कार्यवाही के लिए निर्देशित किया है। आयोग अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने इस तरह की घटना होना बहुत ही दुर्भाग्यपूर्ण बताया है।

एसपी रुद्रप्रयाग ने आयोग अध्यक्ष को बताया कि यह प्रकरण रेवेन्यू क्षेत्र से शुक्रवार को रेगुलर पुलिस के पास ट्रांसफर कर दिया गया है। इस मामले में कार्यवाही शुरू कर दी गयी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस गंभीरता से मामले में कार्यवाही कर रही है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कण्डवाल ने कहा कि यह बहुत ही निन्दनीय मामला है। ऐसी घटिया मानसिकता के लोगो को समाज मे रहने का बिल्कुल अधिकार नहीं है।

यदि उन्होंने उस दिव्यांग युवती के साथ गलत किया है तो उन्हें जल्द कड़ी से कड़ी सजा मिलेगी। ऐसे लोगों के विरुद्ध कड़ी कार्यवाही की जाएगी और पीड़िता को हर सम्भव मदद के साथ न्याय दिलाया जाएगा।

आयोग अध्यक्ष ने दो टूक कहा कि अगर किसी भी महिला को किसी भी स्तर पर प्रताड़ित किया जाता है तो महिला आयोग पीड़िता को न्याय दिलाने के लिए हर सम्भव कार्यवाही व प्रयास करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *