‘भारत माता की जय’ के नारों के साथ शहीद की बेटी की विदाई

 

पिथौरागढ़। यहां देश की रक्षा करते हुए अपने प्राणों की आहुति चढ़ा देने वाले एक शहीद सैनिक की बेटी को अनूठे अंदाज में ससुराल के लिए विदाई दी गई। दरअसल, जब यहां एक कारगिल शहीद सैनिक की बेटी की शादी में भारत माता के जयकारे गूंजे तो देखने वालों की आंखें भावुकता से नमः हो गईं। गत दिवस गांव में शहीद सैनिक की बेटी की विदाई भारत माता के जयकारों के साथ हुई। इस दौरान शादी में शामिल हर मेहमान की आंखें नम हो गईं। इस शादी को पूर्व सैनिक संगठन ने अपनी मेहनत और एकजुटता से खास बना दिया। संगठन के सदस्यों व गांव वालों ने शादी के बंधन में बंध कर ससुराल जा रही बेटी को पिता की कमी महसूस नहीं होने दी।
यहां के कारगिल शहीद गिरीश सिंह सामंत की बेटी मेनका के विवाह को पूर्व सैनिक संगठन ने यादगार बना दिया। संगठन से जुड़े पूर्व सैनिकों ने भारत माता की जय के नारों के बीच आशीर्वाद देकर बेटी को विदा किया। इस दौरान शहीद को याद कर शादी में उपस्थित लोग भावुक हो गए।
कारगिल युद्ध के दौरान देश की रक्षा के लिए शहीद गिरीश सिंह सामंत की बेटी मेनका का विवाह रविवार को देहरादून के सिंघनीवाला निवासी भुवनेश्वरी और दर्शन सिंह धपोला के पुत्र रोहित धपोला के साथ हुआ। पूर्व सैनिक संगठन के अध्यक्ष मेजर ललित सिंह, उपाध्यक्ष मयूख चंद्र सहित अन्य सदस्यों ने दुल्हन को आशीर्वाद दिया। विदाई के समय भारत माता की जय के नारों से पूरा पंडाल गूंज उठा।
इससे दुल्हन बनीं मेनका और उनकी मां शांति सामंत शहीद को याद कर भावुक हो गईं। समारोह में मौजूद सभी लोगों की आंखें भी नम हो गईं। सोरघाटी में यह पहला मौका था जब किसी शहीद की बिटिया को भारत माता की जय के बीच विदा किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *