कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर साधा निशाना

अल्मोड़ा। स्टार प्रचारक के तौर पर पार्टी उम्मीदवारों के समर्थन व प्रचार के लिए उत्तराखंड पहुंचे कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनके नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार पर ज़ोरदार हमले बोले। गुरुवार को अल्मोड़ा के जागेश्वर विधानसभा के दन्या में एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने महंगाई,बेरोजगारी और तीन तीन मुख्यमंत्री बदले जाने के मुद्दे पर बीजेपी पर तीखे प्रहार किए। राहुल गांधी ने पूछा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी अब इस मुद्दे पर बात क्यों नहीं करते हैं ? राहुल गांधी ने अपने चुनावी संबोधन में प्रधानमंत्री और उनकी नीतियों को लेकर बहुत से सवाल दागे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री को जनता को जबाब देना ही होगा कि उत्तराखंड में तीन मुख्यमंत्री किस कारण बदले गए।

जनसभा में उमड़े भारी जनसमूह को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेद्र मोदी पहले रोजगार, महंगाई और भ्रष्टाचार के मामले पर खूब बोलते थे, कालाधन को भी मोदी ने मुद्दा बनाया था। हर खाते में 15 लाख रुपये देने की बात भी कही थी। यही नहीं, कालेधन के नाम पर ही पीएम मोदी ने नोटबंदी जैसा जनविरोधी कदम भी उठाया था लेकिन अब इन तीनों मुद्दों पर उन्होंने चुप्पी साध ली है।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा कि मोदी जी की सरकार केवल उन 5-10 अरबपतियों के हितों के लिए काम कर रही है, जो जनता के लिए रोजगार पैदा ही नहीं कर सकते। रोजगार किसान और मझोले व्यापारी पैदा करते हैं लेकिन मोदी सरकार उन्हें दिन पर दिन कमजोर किये जा रही है।


उन्होंने कहा कि देश की जनता मंहगाई से परेशान है। लोगों का जीवन-यापन मुश्किल होता जा रहा है और निराशा में लोग आत्महत्या तक करने को मजबूर हो रहे हैं। दो दिन पूर्व सामने आई एक ऐसी ही घटना का ज़िक्र करते हुए राहुल गांधी ने उस घटना के लिए केन्द्र सरकार की जनविरोधी नीतियों को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने कहा कि नोटबंदी से किसे फायदा हुआ, यह केन्द्र सरकार को बताना होगा।
चुनाव में लोकतांत्रिक मूल्यों के संरक्षण एवं सम्मान को अनिवार्य बताते हुए उन्होंने कहा कि वोट के लिए जो प्रलोभन दे या शराब पिलाए वो प्रत्याशी नहीं शिकारी है। उन्होंने कहा कि यदि उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनी तो स्थानीय उद्यमों को बढ़ावा दिया जाएगा। जनता को महंगाई से निजात दिलाई जाएगी।

राहुल गांधी ने कहा कि जनता के हितों के लिए कांग्रेस संघर्ष करती आई है और निरंतर करती रहेगी लेकिन नारों में मुर्दाबाद कहना हमारी संस्कृति नहीं है। उन्होंने अपने भाषण के दौरान जनसभा में मौजूद सभी लोगों और पार्टी कार्यकर्ताओं को भी ऐसा न करने की सलाह दी। राहुल गांधी को सुनने पूरी विधान सभा से बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों की भीड़ को देखकर पार्टी नेता खासे उत्साहित नज़र आ रहे थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *