फर्जी निकला यूकेडी नेता पर हुए हमले का मामला

 

चुनावी लाभ के लिए मोहित डिमरी ने खुद ही रचा था नाटक

रुद्रप्रयाग। चुनाव जीतने के लिए जनता की सहानुभूति बटोरने के चक्कर में यूकेडी उम्मीदवार ने जो नाटक रचा था, अब वह उन्हीं पर भारी पड़ने वाला है। सहानुभूति पाने की बजाय डिमरी अब उपहास का पात्र बन गए हैं। गौरतलब है कि चुनाव के दौरान गत 12 फरवरी को रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे यूकेडी प्रत्याशी मोहित डिमरी पर अज्ञात लोगों द्वारा हमला किए जाने की खबर मीडिया की सुर्खियां बनी थी। प्रतिक्रिया में तमाम विपक्षी नेताओं ने भी काफ़ी शोर मचाया था। चुनाव लड़ रहे उम्मीदवार पर हुए कथित हमले को लेकर रुद्रप्रयाग पुलिस ने गंभीर रुख अपनाते हुए जांच शुरू कर दी थी। गहनता से जांच करने के बाद पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए इसे फर्जी हमला करार दिया है। पुलिस के अनुसार, मोहित डिमरी द्वारा चुनाव में फायदा लेने तथा लोगों की सहानुभूति जुटाने के लिए यह कृत्य किया गया था।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव में यूकेडी ने रुद्रप्रयाग सीट पर मोहित डिमरी को उम्मीदवार घोषित किया था। चुनावी सरगर्मियों के बीच 12 फरवरी को डिमरी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई कि चुनाव प्रचार-प्रसार से वापस लौटते समय बाईपास पर बाइक सवार 4 लोगों ने एकाएक उन पर हमला बोल दिया था, जिसमें उनकी कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई तथा उन्हें काफी गंभीर चोटें भी आईं। तब मोहित डिमरी को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
लेकिन अब इस मामले में नया मोड़ आ गया है। रुद्रप्रयाग पुलिस ने खुलासा करते हुए कहा है कि यूकेडी प्रत्याशी मोहित डिमरी ने चुनाव में फायदा लेने और मतदाताओं की सहानुभूति लेने की मंशा से खुद ही यह हमला करवाया था। पुलिस का कहना है कि घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल शुरू कर दी थी। जांच में पता चला कि हमले की फैलाई गई सूचना भ्रामक थी। इस प्रकार की कोई भी घटना नहीं हुई थी। अब इस मामले में पुलिस IPC 182 के अंतर्गत कोर्ट में रिपोर्ट प्रेषित करने जा रही है। सस्ती लोकप्रियता बटोरने की कोशिश में यूकेडी नेता के इस कृत्य की अब हर तरफ निंदा हो रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *