भाजपा विधायक ने पार्टी अध्यक्ष को बताया गद्दार

 

चुनाव में पार्टी उम्मीदवारों को हराने के लिए काम करने का लगाया आरोप

देहरादून। उत्तराखंड में मतदान खत्म होते ही सत्तारूढ़ भाजपा में बवाल शुरू हो गया है। खुद पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष इस बवाल की चपेट में आ गए हैं। उत्तराखंड में नयी विधानसभा के लिए कल ही मतदान संपन्न हुए हैं लेकिन मतदान खत्म होते प्रदेश भाजपा के बड़े नेताओं के बीच तलवारें खिंचने लगी हैं। ताज़ा विवाद बीजेपी के लक्सर विधायक संजय गुप्ता के बयान से शुरू हुआ है। इस बार भी पार्टी टिकट पर चुनाव लड़े विधायक गुप्ता ने अपनी हार तक स्वीकार कर ली है। इतना ही नहीं उन्होंने पार्टी के अन्य उम्मीदवारों की संभावित हार के लिए भी सीधे प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को जिम्मेदार ठहरा दिया है। हरिद्वार की सबसे महत्वपूर्ण मानी जाने वाली लक्सर विधानसभा सीट पर मतदान होने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए संजय गुप्ता ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि मदन कौशिक ने उत्तराखंड में भाजपा का कई सीटों पर नुकसान किया है।

संजय गुप्ता ने कहा कि मदन कौशिक ने प्रदेश की कई सीटों पर बीजेपी के प्रत्याशियों को हराने का काम किया है। गुप्ता के अनुसार, कौशिक के नामित पार्षदों ने बीएसपी प्रत्याशी के पक्ष में और उन्हें हराने के लिए काम किया है। नाराज़ संजय गुप्ता ने मदन कौशिक को गद्दार तक कह डाला। भाजपा में छिड़े इस अंदरूनी द्वंद को लेकर कांग्रेस ने उस पर कटाक्ष किया है। कांग्रेस का कहना है कि भाजपा नेताओं के बीच आपसी विवाद से साफ है कि यह सब पार्टी की हार निश्चित जान कर उपज रही खीझ़ का ट्रेलर मात्र है। अभी मतगणना होने के बाद का तमाशा तो और भी मजेदार होगा। वोटिंग पूरी होने के तुरंत बाद जिस तरह बीजेपी के विधायक अपनी हार मानने लगे हैं, उसके मायने यही हैं कि उत्तराखंड की सत्ता पर कांग्रेस ही आसीन होने वाली है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *