Wednesday, August 12, 2026
Latest:

किसानों से की कांग्रेस के साथ जुड़ने की अपील

रुड़की। महिला कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव अनुपमा रावत ने कहा कि खेती हमारे देश की आर्थिक व्यवस्था की रीढ़ है। जब तक किसान सशक्त और संपन्न नहीं होगा, तब तक देश आगे नहीं बढ़ सकता। उन्होंने भाजपा सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस के साथ जुड़ने की अपील किसानों से की।

शनिवार देर शाम महिला कांग्रेस नेता अनुपमा रावत चलें गांव की ओर कार्यक्रम के तहत खानपुर विधानसभा के कान्हावाली गांव पहुंची। इस दौरान उन्होंने पूर्व प्रधान अरविंद कुमार और ज्ञान सिंह के आवास पर लोगों को संबोधित किया। कहा कि भारत की आत्मा गांवों में बसती है, और गांव में सबसे बड़ी आबादी किसानों की है। किसान ही देश की आर्थिकी मजबूत करता है। परंतु केंद्र और राज्य की वर्तमान भाजपा सरकार किसानों को पंगु बनाने पर तुली हुई है। उन्होंने आरोप लगाया की खेती और किसानों को लेकर भाजपा की सरकारों ने अभी तक जितने भी फैसले लिए हैं, वे सभी खेती व किसानों के विरोध में हैं। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे कांग्रेस के साथ जुड़ें और किसान विरोधी भाजपा को सत्ता से बाहर निकालने में उनकी मदद करें। इसके बाद उन्होंने गांव में रात्रि विश्राम भी किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *