सड़क न बनने से नाराज़ ग्रामीणों ने किया मतदान का बहिष्कार
उत्तरकाशी। विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को हुए मतदान को लेकर उत्तराखण्ड में लोगों में काफ़ी उत्साह नजर आया। लेकिन दूसरी ओर, प्रदेश में कई क्षेत्रों में लोगों ने मतदान का बहिष्कार कर के सिस्टम की बेरुखी के प्रति अपने गुस्से का इज़हार भी किया। ऐसा ही एक मामला उत्तरकाशी जिले की पुरोला तहसील के शिकारू गांव में सामने आया, जहां देर तक एक भी मतदान नहीं हो पाया।
जानकारी के मुताबिक, यहां ग्रामीणों ने सड़क की मांग को लेकर चुनाव बहिष्कार का फैसला किया है। इस मामले में शासन, प्रशासन को भी पहले लोगों द्वारा अवगत कराया गया था लेकिन किसी ने सुध नहीं ली। इसी से नाराज होकर लोगों ने चुनाव बहिष्कार का फैसला किया। बता दें कि गांव के मतदान बूथ में देर तक एक भी मत नहीं पड़ा। क्षेत्र पंचायत सदस्य रणदेव रावत ने बताया कि मतदान के संबंध में ग्रामीणों की बैठक भी हुई। उधर,
यमुनोत्री विधानसभा के हलना गांव में भी दोपहर तक एक भी वोट नहीं पड़ा था। ग्रामीणों ने मतदान का बहिष्कार कर दिया था। ग्रामीणों का कहना था कि वे लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन आज तक सड़क नहीं बन पाई है। कई बार मांगें की, लेकिन हर बाद आश्वासन के अलावा कुछ नहीं मिला। गांव वालों के साथ सड़क देने के नाम पर धोखा किया गया।
