क्षत्रिय शिरोमणि सम्मान’ से नवाजे गए गढ़रत्न  नरेंद्र सिंह नेगी, उत्तराखंड  क्षत्रिय कल्याण समिति ने मनाया स्थापना दिवस 

देहरादून। रविवार को उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति (पंजीकृत) देहरादून का 22 वां स्थापना दिवस समारोह रावत फार्म,  बद्रीपुर, देहरादून में  धूमधाम और हर्षोल्लास से मनाया गया।  उत्तराखंड रत्न एवं लोक संगीत सम्राट नरेंद्र सिंह नेगी ने बतौर मुख्य अतिथि समारोह में शिरकत की। अपने संबोधन में उन्होंने समिति के क्रियाकलापों की प्रशंसा करते  हुए विचार व्यक्त किए कि समाज के सभी वर्गों को आपस में भाईचारे और मित्रता का व्यवहार रखना चाहिए । समिति के कार्यों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि समाज के समृद्ध एवं  जागरूक व्यक्तियों को निर्बल व कमजोर वर्ग के आर्थिक, शैक्षणिक व भौतिक विकास तथा  स्वास्थ्य एवं भरण पोषण के संसाधनों को सुनिश्चित करने के प्रयासों में बढ़-चढ़कर भागीदारी निभानी चाहिए ताकि सामाजिक स्तर पर कमजोर वर्ग के जीवन स्तर में सुधार हो सके। इस अवसर पर समिति द्वारा  नरेंद्र सिंह नेगी को क्षत्रिय शिरोमणि सम्मान 2022 से नवाजा गया। विशिष्ट अतिथि के तौर पर समारोह में उपस्थित क्षत्रियरत्न मोहन सिंह चौहान जो क्षत्रिय चेतना मंच कल्याण संस्था  के अध्यक्ष भी हैं, ने अपने संबोधन में क्षत्रियों की गाथा को आगे बढ़ाते हुए संदेश दिया कि क्षत्रिय समाज आदिकाल से पूरे समाज की सुरक्षा छतरी की तरह करता आया है। उसे आज भी अपनी भूमिका सुनिश्चित करनी चाहिए । समाजिक एकता पर बल देते हुए उन्होंने कहा कि समाज के सुदृढ़ होने पर ही देश  की सुरक्षा अखंड रहेगी। समिति के महासचिव किशन सिंह भंडारी ने समिति की आय-व्यय का जोखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि  समिति द्वारा वीरभड माधोसिंह भंडारी के नाम से  नकरौंदा में एक भवन का निर्माण किया जा रहा है जिसमें स्वर्गीय माधो सिंह भंडारी के जीवन से संबंधित दस्तावेज एवं स्मृति चिन्ह संजोकर रखे जाएंगे तथा यह भवन दूरदराज से आने वाले गरीब और निर्बल वर्गों  के बच्चों के लिए एक आसरा  होगा। समिति के अध्यक्ष धीरज सिंह नेगी ने सभी अतिथियों का स्वागत व आभार व्यक्त करते हुए समिति के द्वारा गत वर्षों के दौरान किए गए अनेक सामाजिक कार्यों की जानकारी देते हुए आर्थिक रूप से सक्षम व प्रशिक्षित व्यक्तियों  एवं पेंशनभोगी सदस्यों का आह्वान किया कि उन्हें अपनी आय का कुछ भाग समाज के निर्बल  एवं आर्थिक रूप से पिछड़े  सदस्यों की आर्थिक दशा सुधारने, उनके विकास तथा गरीब बच्चों की पढ़ाई एवं उनके प्रशिक्षण के लिए खर्च करना चाहिए। इस अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल  करने वाली प्रतिभाओं को भी सम्मानित किया गया, जिनमें 10000 मीटर की पैदल दौड़ में जूनियर वर्ग में राष्ट्रीय स्वर्ण पदक विजेता मानसी नेगी, हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षा में विशेष योग्यता से पास होने वाले इंसान सिंह गुसाईं पुत्र राकेश सिंह गुसाईं एवं कुमारी इतिशा रावत पुत्री दलबीर सिंह रावत के अतिरिक्त प्रसिद्ध कोच अनूप सिंह बिष्ट  को ‘प्रतिभा सम्मान’ से सम्मानित किया गया। उन्हें मुख्य अतिथि के हाथों प्रमाण पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट किए गए। विवाह योग्य युवक-युवती परिचय सम्मेलन में 40 युवकों तथा युवतियों ने रजिस्ट्रेशन कराया। इस दौरान अनेक लोगों ने समिति की सदस्यता भी ग्रहण की। समारोह मे लगाए गए निःशल्क  स्वास्थ्य शिविर में भी अनेक लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। कार्यक्रम को पत्रकार व लेखक राज नितिन सिंह रावत व  सामाजिक संस्था ‘आवाज सुनो पहाड़ों की’ के अध्यक्ष नरेंद्र सिंह रौथाण ने मुख्य वक्ता के रूप में संबोधित किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में श्रीमती परमेश्वरी देवी एवं श्रीमती अर्चना बागड़ी की टीम द्वारा अनेक  मनोरंजक गीतों के अलावा माधो सिंह भंडारी नृत्य नाटिका की प्रस्तुति दी गई। कार्यक्रम में  ‘क्षत्रिय चेतना मंच कल्याण संस्था देहरादून’ , ‘क्षत्रिय उत्थान संस्था कोटद्वार’ तथा  ‘गढ़वाल छत्रिय सभा पौड़ी’ के अनेक पदाधिकारी एवं सदस्य भी शामिल हुए। नारी के अस्तित्व पर श्रीमती किरण नेगी की कविता अति मार्मिक रही। कार्यक्रम का संचालन प्रताप सिंह बिष्ट द्वारा किया गया।  कार्यक्रम में समिति के अनेक पदाधिकारी जिनमें सर्वश्री सुरेंद्र सिंह अस्वाल, दिगंबर सिंह नेगी, गोपाल सिंह बिष्ट, दिनेश सिंह नेगी, रणजीत सिंह कैंतूरा, सिंह बिष्ट, दिगंबर सिंह रावत, पीएस सजवाण, तेजेंद्र सिंह रावत व सी एस जमवाल आदि अनेक पदाधिकारी उपस्थित थे। समारोह में 16 वर्षों तक लगातार समिति के अध्यक्ष पद पर सुशोभित रहे दिवंगत सत्यदेव सिंह असवाल तथा हैवानियत का शिकार हुई दिवंगत अंकिता भंडारी व दिवंगत किरण नेगी को शोक श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा सरकार से दोनों मृतक बालिकाओं को न्याय दिलाने की सामुहिक रूप से मांग की गई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *