पुलिसकर्मी से मारपीट करने के आरोप में भाजपाई छात्र नेता समेत 4 युवक गिरफ्तार
रुद्रपुर। यहां सत्ता के मद में चूर कुछ युवा नेताओं को पुलिस वाले पर दबंगई झाड़ना उस वक्त भारी पड़ गया जब पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उन्हें सलाखों के पीछे डाल दिया। दरअसल, सत्तारूढ दल से जुड़े कुछ युवकों पर रुद्रपुर पुलिस लाइन में तैनात पुलिस सिपाही से मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में समेत चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार लोगों में एसएसजे कैंपस के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष तथा भाजयुमो के पूर्व प्रदेश मंत्री भी शामिल हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
जानकारी के मुताबिक बुधवार शाम करीब 5 बजे रुद्रपुर पुलिस लाइन के अटरिया रोड की तरफ के गेट के अंदर एक राजनीतिक पार्टी का झंडा लगी एक बोलेरो कार प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान वहां डयूटी पर तैनात सिपाही लक्ष्मण सिंह राणा ने वाहन को रोकने का प्रयास किया। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया और देखते ही देखते कार में सवार युवकों ने सिपाही से जमकर मारपीट कर डाली। बताया जा रहा है कि मारपीट से आहत होकर सिपाही लक्ष्मण सिंह ने राणा पास में ही संतरी पोस्ट में रखी केरोसिन की बोतल उठा ली और खुद के हाथ और पैरों में कैरोसिन उड़ेलकर आग लगा ली। सिपाही को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है। इस मामले में पुलिस ने मारपीट के आरोपियों के खिलाफ थाना पंतनगर में मुकदमा दर्ज कर 4 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
सिपाही दीपक बोरा की तहरीर पर पंतनगर थाने में पुलिस ने मारपीट के चार आरोपितों दीपक उप्रेती पुत्र कैलाश चंद्र निवासी ग्राम नैनोली पिथौरागढ़, दर्पण कुमार पुत्र दुर्गाराम निवासी कुंजनपुर गंगोलीहाट, विनोद कुमार पुत्र बहादुर राम निवासी कुंजनपुर गंगोलीहाट व अजय उप्रेती पुत्र ललित मोहन निवासी धुरा अल्मोड़ा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। दीपक उप्रेती सोबन सिंह जीना परिसर अल्मोड़ा का पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष व दर्पण कुमार भाजयुमो का पूर्व प्रदेश मंत्री रह चुका है। विपक्षी दलों ने घटना की निंदा करते हुए इसे सत्तारूढ़ भाजपा के अहंकार का प्रमाण बताया है।

