अतिवृष्टि से टूट गया गांव को जोड़ने वाला पुल, लोगों की बढ़ गईं दुश्वारियां
चमोली। जिले में बारिश लोगों पर आफत बनकर टूट रही है। जिले के नंदनगर ब्लॉक के घिंगराड़ गांव को जोड़ने वाला पुल चुफ्लागाड़ नदी के उफान के कारण क्षतिग्रस्त हो गया है। भारी बारिश से हुए नुकसान की सूचना के बाद प्रशासन की टीम मौके के लिए रवाना हो गई है। नेशनल हाईवे 534 पर भी दुगड्डा-आमसौड़ के बीच भारी बारिश के चलते मलबा आ गया है। मलबा आने की वजह से हाईवे अवरुद्ध हो गया है। एनएचएआई (भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण) के अधिशासी अभियंता अरविंद जोशी ने बताया कि भूस्खलन से सड़क मार्ग पर मलबा आ रहा है। कोटद्वार दुगड्डा के बीच दो जेसीबी मशीन लगाई गई हैं। मार्ग को खोलने का हर संभव प्रयास किया जा रहा है।
