चारापत्ती लेने गये ग्रामीण की नदी में बहने से मौत
उत्तरकाशी। जिले के नौगांव ब्लॉक (थली गांव के साड़ा तोक) में कमल नदी के तेज बहाव में गांव के केदार सिंह राणा उम्र 55 वर्ष की बह गए थे। ग्रामीण सुबह से उनकी खोज कर रहे थे। एसडीआरएफ रेस्क्यू शुरू कर पाई थी कि खोजबीन में जुटे कुछ ग्रामीणों को घटना स्थल से पांच किमी दूर केदार सिंह राणा का शव दिखाई दिया।
शनिवार सुबह केदार सिंह राणा मवेशियों के लिए चारापत्ती लेने गए थे। तभी अचानक उफान पर आई कमल नदी के तेज बहाव में बह गए। ग्रामीण सुबह से केदार सिंह राणा की खोज कर रहे थे, लेकिन कोई पता नहीं चल पाया है। केदार सिंह की घटना स्थल से कुछ दूरी पर दरांती और रस्सी बरामद हुई । जिसके आधार पर बहने की संभावना जताई गई।
एसडीआरएफ की टीम ने मौके पर पहुंचकर रेस्क्यू शुरू किया। तभी खोजबीन में जुटे कुछ ग्रामीणों को घटना स्थल से पांच किमी दूर केदार सिंह का शव दिखा। उसके बाद एसडीआरएफ ने रेस्क्यू बंद कर दिया। शव की पहचान हाथ पर नाम लिखा होने से हुई है।
