दुस्साहस: एसओजी टीम पर ग्रामीणों का हमला, अवैध हथियारों की सूचना पर गई थी छापा मारने

 

संवाददाता
रुद्रपुर, 12 सितंबर। उत्तराखंड में अपराधियों के हौसले इतने बुलंद होते जा रहे हैं कि लोगों की सुरक्षा का जिम्मा संभालने वाली पुलिस भी सुरक्षित नहीं रह गई है। ऊंची पहुंच की हेकड़ी हो या उतराखंंड को पहाड़ी पुलिस मान कर दबंगई दिखा लेने की सोच, राज्य में पुलिस पर अपराधियों के हमले की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं। ऐसा ही एक मामला जिले के दिनेशपुर थाना क्षेत्र में सामने आया है। जानकारी मिली है कि क्षेत्र के ग्राम जगदीशपुर में अवैध असलहों की सूचना पर छापा मारने गई एसओजी की टीम को  ग्रामीणों ने बंधक बनाकर मारपीट की। एक महिला कांस्टेबल के साथ अभद्रता किए जाने की भी जानकारी मिली है। जिला पुलिस के मुताबिक,ऊधमसिंहनगर जनपद की एसओजी टीम को सूचना मिली थी कि दिनेशपुर थाना के अंतर्गत जगदीशपुर गांव में अवैध असलहे लाए गए हैं। इस सूचना पर एसओजी की टीम जब गांव के बताए गए घर पर छापा मारने पहुंची तो परिवार के लोगों ने ग्रामीणों की मदद से एसओजी की टीम पर हमला बोल दिया।  
सूत्रों का कहना है कि एसओजी टीम के कुछ पुलिसकर्मियों के साथ ग्रामीणों ने परिवार के साथ मिलकर न केवल मारपीट की, बल्कि एसओजी की टीम को बंधक भी बना लिया। खबर ये भी है कि महिला कॉन्स्टेबल के साथ भी ग्रामीणों के द्वारा काफी अभद्रता की गई। सूचना पर दिनेशपुर थाने से फोर्स पहुंची तो ग्रामीण भाग निकले। आरोपियों के साथ हुई हाथापाई में पुलिस कर्मियों को चोटें भी आई हैं।

 हमले की इस घटना को लेकर एसएसपी दलीप सिंह कुंवर ने कहा है कि जिन लोगों के द्वारा एसओजी की टीम के साथ अभद्रता की गई है उन सभी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वारदात की सूचना मिलते ही एसपी सिटी ममता बोहरा और सीओ समेत तमाम अधिकारी दिनेशपुर थाने में पहुंच गए हैं। इस मामले में एसओजी की तरफ से मुकदमा दर्ज कराया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *