चोरी करने को एग्जॉस्ट फैन के रास्ते घर में घुस रहा शख्स बीच में ही फंसा; मालिक ने लौटकर देखा तो हवा में लटक रहा था आधा शरीर
कोटा। राजस्थान के कोटा से चोरी का एक ऐसा अजब-गजब मामला सामने आया है, जिसे देखकर पुलिस भी हैरान रह गई। यहाँ बोरखेड़ा थाना क्षेत्र के प्रताप नगर में चोरी की नीयत से आया एक चोर अपने ही जाल में बुरी तरह फंस गया। चोर घर के किचन में लगे एग्जॉस्ट फैन के छोटे से छेद से अंदर घुसने की कोशिश कर रहा था, लेकिन वह बीच में ही अटक गया। उसका आधा शरीर घर के अंदर और आधा बाहर लटकता रहा। बाद में पुलिस ने मौके पर पहुंचकर उसे ‘रेस्क्यूÓ किया और हवालात पहुंचा दिया।
खाटूश्याम दर्शन से लौटा था परिवार
मकान मालिक सुभाष रावत ने बताया कि वह अपनी पत्नी के साथ 3 जनवरी को खाटूश्याम जी के दर्शन करने गए थे। 4 जनवरी की देर रात करीब 12:50 बजे जब वे वापस लौटे, तो घर के बाहर का नजारा देख सन्न रह गए। जैसे ही उन्होंने स्कूटी अंदर की और उसकी हेडलाइट की रोशनी रसोई की दीवार पर पड़ी, तो देखा कि एग्जॉस्ट फैन का रोशनदान खुला है और उसमें कोई शख्स फंसा हुआ है।
निकलने के लिए तड़पता रहा, पर हिल नहीं पाया
सुभाष रावत के अनुसार, चोर बुरी तरह फंसा हुआ था। उसने निकलने की बहुत कोशिश की, लेकिन वह टस से मस नहीं हो सका। मकान मालिक ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस के आने तक चोर उसी हालत में लटका रहा। करीब 1:15 बजे पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद चोर को रोशनदान से बाहर निकालकर हिरासत में लिया।
साथी छत से कूदकर फरार, पुलिस वाली कार का इस्तेमाल?
सुभाष ने बताया कि पकड़े गए चोर का एक साथी भी वहां मौजूद था, जो मकान मालिक के आते ही छत के रास्ते भाग निकला। पकड़े गए चोर की तलाशी लेने पर उसकी जेब से एक कार की चाबी मिली है। स्थानीय लोगों का कहना है कि वारदात से पहले गली में एक संदिग्ध कार देखी गई थी, जिस पर पुलिस का चिन्ह लगा था और शीशों पर सफेद पर्दे लगे हुए थे।
सीसीटीवी फुटेज से अन्य आरोपियों की तलाश
पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं ताकि फरार आरोपी और संदिग्ध कार का पता लगाया जा सके। पुलिस ने गिरफ्तार चोर से पूछताछ के आधार पर उसके साथियों को पकड़ने के लिए स्पेशल टीमें गठित की हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही गिरोह के बाकी सदस्यों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

