अपराध

बाइक सवारों ने सड़क चलते शख्स से छीन लिया मोबाइल फोन, पुलिस ने दबोचे दो आरोपी

हरिद्वार।  सिडकुल थाना क्षेत्र में मोबाइल छीनने के मामले में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी मो. फैज निवासी ग्राम बड़ागांव थाना पुवायां शाहजहांपुर हाल रोशनाबाद और तोहिद निवासी रोशनाबाद निकट झंडा चौक सिडकुल के पास से छीना गया मोबाइल व घटना में इस्तेमाल बाइक बरामद की गई है। दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। थाना प्रभारी नितेश शर्मा ने बताया कि 22 दिसंबर को शिवम वर्मा पुत्र संतोष कुमार निवासी जिला शाहजहांपुर हाल रोशनाबाद ने शिकायत दी थी कि बीते पांच नवंबर को कालागेट रोशनाबाद सिडकुल के पास से दो मोटरसाइकिल सवारों ने उसका मोबाइल छीन लिया था। इस संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई। सोमवार की देर रात टीम चेकिंग कर रही थी। तभी महिंद्रा ग्राउंड के किनारे झाड़ियों के पास से दो युवक पुलिस को देखते ही भागने लगे। शक होने पर पीछा कर दोनों को पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर एक मोबाइल फोन बरामद हुआ। सख्ती से पूछताछ में दोनों ने कबूल किया मोबाइल पिछले महीने काला गेट वाली रोड पर एक व्यक्ति से झपट्टा मारकर छीना था। मंगलवार को दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।

तमंचे के साथ बनाई रील, फोटो किए अपलोड, गिरफ्तार
उधर,  सिडकुल थाना क्षेत्र में एक युवक ने तमंचे के साथ सोशल मीडिया पर रील बनाई और फोटो भी स्टोरी पर लगाए। ये सामने आने के बाद पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी सन्नी निवासी बिजनौर हाल रावली महदूद सिडकुल को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ, जिसमें एक युवक हाथ में तमंचा लेकर खेत में दबंगई दिखाते हुए रील में तमंचे के साथ नजर आ रहा है। ये मामला सामने आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और तलाश शुरू कर दी। थाना प्रभारी रितेश शर्मा ने बताया कि सोमवार रात जय श्रीराम महाकाल प्रॉपर्टीज के सीमेंट गोदाम के पीछे से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। बताया कि आरोपी सन्नी की तलाशी लेने पर एक तमंचा, दो जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद हुआ। मंगलवार को उसे कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *