उत्तराखंड

गढ़वाल के जड़ाऊखांद-मजेड़ाबैंड मोटर मार्ग पर मलबा गिरने से आवाजाही में मुश्किलें

पौड़ी। लगातार हो रही बारिश के चलते इस बरसात सीजन में जड़ाऊखांद-मजेड़ाबैंड मोटर मार्ग पर कोचियार गुजड़ू के पास भूस्खलन के कारण हर रोज सड़क पर भारी मलबा गिरता जा रहा है। मलबा गिरने से मार्ग बाधित होने से क्षेत्र के ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पिछले दो वर्ष पहले इस मार्ग पर सुधारीकरण, डामरीकरण कार्य हुआ था। ग्रामीणों का कहना है कि कार्य कर रहे ठेकेदार द्वारा मशीन के जरिए सड़क के ऊपर कटान किया गया था। इस साल भारी बरसात के चलते जगह जगह पर मलबा गिरता जा रहा है। कोचियार गुजड़ू के पास पहाड़ का बहुत बड़ा हिस्सा धंसकर सड़क पर आता जा रहा है। जिसके कारण आए दिन मलबा गिरने से मार्ग बाधित हो जाता है। लोनिवि द्वारा जेसीबी मशीन के जरिए मलबा हटाकर मार्ग खोलने की कोशिश होती है लेकिन मलबा बार-बार आ जाता है। इस मार्ग पर जड़ाऊखांद से कोचियार, सिबियाधार, कोचियार गुजड़ू, जमणधार, धौलियाना, किनाथ, बराथ, सिरखेत, बिरखेत, उटिड़ा, सैंडली, दिगोली, मजेड़ा, गौलीखाल आदि गांवों व बाजारों तक यातायात सुविधा मिलती है। आए दिन मलबा गिरने से मार्ग बाधित रहने के कारण गढ़वाल मोटर यूजर्स की बस सेवा में भी व्यवधान हो रहा है। अपने निजी वाहनों से चलने वाले लोगों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ता है। लोकल टैक्सी संचालक ग्राम जमणधार निवासी सुनील नेगी का कहना है कि सड़क यातायात बाधित होने से टैक्सी संचालन कार्य प्रभावित हो रहा है। लोगों को मीलों पैदल चलने के लिए मजबूर होना पड़ता है। इधर, लोनिवि के जेई मनोज का कहना है कि मलबा कई जगहों पर गिर रहा है लेकिन कोचियार गुजड़ू के पास पहाड़ का बड़ा हिस्सा धंसकर गिरता जा रहा है। मलबा गिरने पर जेसीबी मशीन लगाकर सड़क खोलने का प्रयास किया जाता है लेकिन हर रोज बारिश होने पर भारी मलबा गिरने से परेशानी होती है। फिलहाल जेसीबी मशीन के जरिए मलबा हटाकर यातायात बहाल करने के प्रयास जारी हैं। भविष्य में इस स्थान पर ब्रेस्ट वाल आदि स्थायी उपाय हेतु शासन को प्राक्कलन भेजा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *