सरोकार

डीएम नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर  जिले में 12 स्थानों पर लगेंगे दिव्यांग शिविर

नई टिहरी। जिलेभर में प्रमाणपत्र बनाने से वंचित दिव्यांगजनों के लिए जिला प्रशासन ने समाज कल्याण विभाग को शिविर लगाने के निर्देश दिए हैं। जिसके तहत डीएम नितिका खंडेलवाल के निर्देश पर रोस्टर जारी किए गए हैं। आगामी 4 सितंबर से 8 जनवरी 2026 तक जिले में 12 स्थानों पर यह शिविर लगाए जाएंगे। डीएम ने बताया कि इन शिविरों में पात्र दिव्यांगजनों के प्रमाणपत्र, यूडीआईडी कार्ड, कृत्रिम अंगों का वितरण, समाज कल्याण विभाग की पेंशन और छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए आधार और बैंक खातों का लिंक करना, नशामुक्त भारत अभियान के तहत जागरूकता, विभागी योजनाओं का भौतिक सत्यापन व कठिनाईयां समाप्त करना, ग्राम्य विकास विभाग की ओर से लाभार्थियों के परिवार रजिस्टर और राजस्व विभाग की ओर से आय प्रमाणपत्र भी बनाए जाएंगे। बताया कि 4 सितंबर को भिलंगना के जीआईसी घुत्तू, 19 सितंबर को प्रतापनगर के भूमेश्वर महादेव मंदिर रौलाकोट, 26 सितंबर को नरेंद्रनगर ब्लॉक के जीआईसी पावकी देवी, 4 अक्तूबर को ब्लॉक मुख्यालय हिंडोलाखाल देवप्रयाग, 17 अक्तूबर को ब्लॉक मुख्यालय कीर्तिनगर, 30 अक्तूबर को जौनपुर ब्लॉक मुख्यालय थत्यूड़, 14 नवंबर को थौलधार ब्लॉक मुख्यालय कंडीसौड़, 27 नवंबर को प्रतापनगर के खंबाखाल, 12 दिसंबर को जाखणीधार ब्लॉक के लोनिवि अतिथिगृह सेमंडीधार, 20 दिसंबर को नरेंद्रनगर ब्लॉक के जीआईसी गजा, 26 दिसंबर को जाखणीधार ब्लॉक के जीआईसी अंजनीसैण और 8 जनवरी 2026 को भिलंगना ब्लॉक के बूढ़ाकेदार में शिविर लगाया जाएगा। डीएम ने समाज कल्याण अधिकारी को नोडल अधिकारी नामित करते हुए दिव्यांगजनों को उक्त शिविर में प्रतिभाग कराकर उनके प्रमाणपत्र और समस्याएं हल करने के निर्देश जारी किए हैं।

डीएम और पालिकाध्यक्ष ने चलाया सफाई अभियान
जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और नगर पालिका अध्यक्ष मोहन सिंह रावत ने गणेश चौक से लोक निर्माण विभाग कार्यालय के समीप सड़क,रास्तों और नाले की सफाई के लिए साप्ताहिक सफाई अभियान चलाया गया। उन्होंने नाले में फंसी पॉलीथिन,कूड़ा करकट निकालने एवं झाड़ी कटान का कार्य किया गया। इस दौरान करीब 2 ट्रक व एक छोटे वाहन में कूड़ा एकत्रित किया गया। बुधवार को डीएम नितिका ने कहा कि सीएम मार्गदर्शन में 15 अगस्त को आयोजित सफाई अभियान के दौरान यह निर्णय लिया गया था कि प्रत्येक बुधवार को सुबह 7 से 8 बजे बजे तक सफाई अभियान चलाया जाएगा। इसमें सभी लोग श्रमदान करेंगे। सभी नागरिकों से अपील की कि वे इस साप्ताहिक सफाई अभियान में सक्रिय सहयोग दें। जिससे नई टिहरी को स्वच्छ एवं सुंदर बनाया जा सके। वहीं पालिकाध्यक्ष रावत ने कहा कि टिहरी सफाई की दिशा में लगातार आगे बढ़ रही है। इसमें जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों और बच्चों का विशेष सहयोग मिल रहा है। पिछली बरसात में नालियों के जाम होने से जो गंदगी फैली थी, उसे धीरे-धीरे नियंत्रित किया जा रहा है। पालिका का लक्ष्य है कि टिहरी स्वच्छ शहरों की श्रेणी में शामिल हो। इस मौके पर एडीएम अवधेश कुमार सिंह, एसडीएम संदीप कुमार,आबकारी अधिकारी लक्ष्मण सिंह,उद्यान अधिकारी अरविंद शर्मा,ईओ नगर पालिका प्रशांत कुमार,सफाई निरीक्षक प्रीतम नेगी,ग्रीन हिमालय क्लीन हिमालय संगठन के दिव्यांशु रावत आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *