राजनीति

पुष्पा नेगी होंगी कांग्रेस की जिला पंचायत अध्यक्ष पद की उम्मीदवार,देवकी बिष्ट उपाध्यक्ष

हल्द्वानी।  कांग्रेस ने रविवार को नैनीताल जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए अपना अधिकृत उम्मीदवार घोषित कर दिया है। सौरभ होटल में हुई प्रेसवार्ता में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने सूपी रामगढ़ से जिला पंचायत सदस्य बनी पुष्पा नेगी को कांग्रेस का जिला पंचायत अध्यक्ष पद के लिए प्रत्याशी घोषित किया है। वह पूर्व में रामगढ़ से ब्लॉक प्रमुख रह चुकी हैं। इसके अलावा खुर्पाताल से जिला पंचायत सदस्य देवकी बिष्ट को उपाध्यक्ष का प्रत्याशी घोषित किया। प्रेसवार्ता के दौरान नेता प्रतिपक्ष आर्य ने कहा कि जिला पंचायत में कांग्रेस के पास बहुमत से ज्यादा सदस्यों का समर्थन है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जनादेश खो दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार चुनाव में सरकारी मशीनरी का दुरुपयोग कर रही है और 14 तारीख को होने वाले चुनाव में भी वह इसी कोशिश में लगी है। इस दौरान जिलाध्यक्ष राहुल छिमवाल, पूर्व विधायक संजीव आर्य, महानगर अध्यक्ष गोविंद बिष्ट, पूर्व जिलाध्यक्ष सतीश नैनवाल, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा नेगी, देवकी बिष्ट, पूनम बिष्ट, हेम नैनवाल, अर्नब कंबोज आदि मौजूद रहे। एलआईयू की मौजूदगी पर भी उठाए सवाल प्रेसवार्ता में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने होटल में एलआईयू के मौजूद रहने पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत और क्षेत्र पंचायत सदस्यों को डराया धमकाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इतनी घबरायी हुई है कि एलआईयू को यहां भेज दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों सूची बनाई जा रही है जो अधिकारी सरकार के एजेंट के रूप में काम कर रहे हैं। कांग्रेस की सरकार आने पर ऐसे अधिकारियों पर कार्रवाई की जाएगी। धांधली की पूरी आशंका: हृदयेश प्रेसवार्ता में मौजूद विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि जैसा कि भाजपा करती आयी है, इस बार पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव में भी धांधली करने की पूरी आशंका है। उन्होंने जिला कांग्रेस, महानगर कांग्रेस, ब्लॉक कांग्रेस के सभी कार्यकर्ताओं से इसे लेकर पूरी तरह सजग रहने को कहा। उन्होंने कहा कि अगर धांधली हुई तो उसके रोकने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ता अपनी जान लगा देंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *