अपराध

घर की छत पर नीले ड्रम में नमक से ढकी मिली युवक की लाश, पत्नी बच्चे और मकान मालिक का बेटा गायब

 

किशनगढ़ बास । उत्तर प्रदेश के मेरठ में हुए नीले ड्रम हत्याकांड की तरह ही राजस्थान के खैरथल-तिजारा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां किशनगढ़ बास कस्बे की आदर्श कॉलोनी में एक मकान की छत पर रखे नीले ड्रम से युवक की लाश मिलने से सनसनी फैल गई। शव को गलाने के लिए ऊपर से नमक भी डाला गया था। इलाके में फैली दुर्गंध के बाद इस खौफनाक वारदात का खुलासा हुआ। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी हंसराज के रूप में हुई है, जो इसी मकान में अपनी पत्नी और बच्चों के साथ किराए पर रहता था। घटना के बाद से मृतक की पत्नी, बच्चे और मकान मालिक का बेटा भी लापता हैं।
जानकारी के अनुसार, रविवार शाम जब मकान मालकिन मिथलेश छत पर गईं तो उन्हें तेज बदबू महसूस हुई। जांच करने पर पता चला कि बदबू छत पर रखे एक नीले ड्रम से आ रही थी। शक होने पर उन्होंने परिवार वालों को सूचित किया, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने जब ड्रम को खोला तो अंदर से एक युवक का शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त उत्तर प्रदेश के रहने वाले हंसराज उर्फ सूरज के रूप में हुई है। पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र सिंह ने बताया कि हंसराज करीब डेढ़ महीने पहले ही अपनी पत्नी और तीन बच्चों के साथ यहां किराए पर रहने आया था और एक स्थानीय ईंट-भट्ठे पर मजदूरी करता था।
पुलिस की प्रारंभिक जांच और एफएसएल टीम द्वारा जुटाए गए सबूतों से हत्या की आशंका जताई जा रही है। मकान मालकिन ने बताया कि किराएदार हंसराज की पत्नी और तीनों बच्चे शनिवार से ही गायब हैं। इसके साथ ही मकान मालिक का बेटा जितेंद्र भी लापता बताया जा रहा है। आखिरी बार जन्माष्टमी के दिन हंसराज को उसके कमरे में देखा गया था।
किशनगढ़ बास थाना अधिकारी जितेंद्र सिंह शेखावत ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में रखवा दिया गया है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और लापता पत्नी, बच्चों व मकान मालिक के बेटे की तलाश के लिए टीमें गठित कर दी हैं। इस सनसनीखेज मामले के तार प्रेम प्रसंग से भी जोड़कर देखे जा रहे हैं और पुलिस हर एंगल से मामले की जांच में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *