पुलिस ने ‘ऑपरेशन कालनेमि’ तहत पकड़ा कथित तांत्रिक, अपनी सतर्कता से बच गयी दो लड़कियों की अस्मत
रुद्रपुर। ऊधमसिंह नगर में चल रहे ‘ऑपरेशन कालनेमि’ के तहत पुलिस ने कथित तांत्रिक को बाजपुर में रामपुर रोड से गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी झाड़-फूंक और इलाज के नाम पर लोगों से ठगी, महिलाओं से छेड़छाड़ और शोषण करता था। उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश तक आरोपी की ठगी का नेटवर्क फैला है। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने रुद्रपुर में सोमवार को मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि बाजपुर के चौकी दोराहा इलाके की रहने वाली एक महिला की दो बेटियां लंबे समय से बीमार थीं, जहां कई डॉक्टरों से इलाज कराने के बाद भी उनकी तबीयत में कोई सुधार नहीं हुआ। उनके एक परिचित ने उन्हें कनौरा गांव में रहने वाले महमूद नाम के एक व्यक्ति के बारे में बताया, जो खुद को सिद्ध तांत्रिक और चमत्कारी बाबा बताता था। जब पीड़िताओं को तांत्रिक महमूद के पास ले जाया गया तो उसने उन्हें अलग-अलग कमरों में बुलाया। उसने यह दावा किया कि वह उनकी बीमारी को छूकर ठीक कर देगा। इसी बहाने उसने दोनों बहनों के साथ अश्लील हरकतें कीं। दोनों लड़कियों ने घबराकर अपनी मां को पूरी घटना बताई, जिसके बाद परिवार ने पुलिस को सूचना दी। परिवार की शिकायत के आधार पर बाजपुर पुलिस ने आरोपी महमूद के खिलाफ धारा 354 और पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत तुरंत मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने आरोपी कथित तांत्रिक को सोमवार को दोराहा चौक से 200 मीटर आगे रामपुर रोड से गिरफ्तार कर लिया।
