राजनीति

 बाबा साहेब की जयंती पर कांग्रेसियों ने दी उन्हे भावपूर्ण श्रद्धाजंलि

देहरादून। भारतीय संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर की 134वीं जयंती वा कांग्रेस प्रदेश मुख्यालय में डॉ. बीआर अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए उनके जीवन पर आधारित गोष्ठी का आयोजन किया गया। इस दौरान कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने भाजपा द्वारा कांग्रेस पर लगाए बाबा साहेब का अपमान करने से संबंधित आरोपों का भी जवाब दिया। गोदियाल ने कहा कि उन्हें ऐसा प्रतीत नहीं होता कि कांग्रेस पार्टी ने कभी बाबा साहेब का अपमान किया हो। इसलिए कांग्रेस पार्टी को डिफेंसिव होने की आवश्यकता नहीं है और ना ही भाजपा के किसी सर्टिफिकेट की कांग्रेस पार्टी को कोई जरूरत है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने देश और मानवता के लिए जो कुछ किया, वह हम सबके सामने है। कांग्रेस जन इसी रूप में उन्हें याद करने के लिए आज प्रदेश मुख्यालय में आए हैं और उन्हें अपने श्रद्धासुमन अर्पित कर रहे हैं। गोदियाल ने कहा कि जहां तक भारतीय जनता पार्टी का सवाल है, देश के गृहमंत्री अमित शाह ने जिस तरह के शब्द संसद में बाबा साहब के लिए इस्तेमाल किए, वह सर्व विदित है।
कांग्रेस पार्टी के एससी एसटी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मदनलाल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी ने पूरे देश में महान पुरुष डॉक्टर भीमराव अंबेडकर को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करने के लिए एक मुहिम चलाई है। संविधान बचाओ और सौहार्द बढ़ाओ की मुहिम को लेकर कांग्रेस पार्टी आगे बढ़ रही है। क्योंकि संविधान पर लगातार कुठाराघात किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज हिंदुस्तान के अंदर ऐसी ताकतें काम कर रही हैं, जो संविधान को कुचलने का काम कर रही हैं। इसलिए कांग्रेस पार्टी को समूचे देश में संविधान बचाने और सौहार्द बढ़ाने की मुहिम को आगे बढ़ाना पड़ रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *