स्वास्थ्य विभाग का वरिष्ठ सहायक रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
देहरादून। चिकित्सा प्रतिमूर्ति भुगतान से जुड़े एक मामले में विजिलेंस की टीम द्वारा स्वास्थ्य विभाग के एक अधिकारी को रंगे हाथों 6 हजार रुपये की रिश्वत लेते गिरफ्तार कर लिया है। जिससे पूछताछ जारी है।
जानकारी के अनुसार, बीते कुछ दिनों पहले शिकायतकर्ता की ओर से सर्तकता अधिष्ठान में शिकायत दर्ज करायी गयी थी कि महानिदेशालय चिकित्सा स्वास्थ्य एंव परिवार कल्याण में तैनात वरिष्ठ सहायक मुकेश कोठियाल द्वारा उनसे चिकित्सा प्रतिमूर्ति के भुगतान के एवज में 8,500 रुपये की रिश्वत मांगी गयी थी। इस पर उनके द्वारा पहले ही उसे 2500 रुपये दिये जा चुके हैं। मामले की गम्भीरता को देखते हुए विजिलेंस विभाग ने एक टीम का गठन किया। मंगलवार को विजिलेंस विभाग की ट्रैप टीम ने वरिष्ठ सहायक मुकेश कोठियाल को 6000 रुपये की शेष राशि लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। सतर्कता विभाग के एसपी धीरेंद्र गुंज्याल ने बताया कि आरोपी को रिश्वत की शेष राशि लेते हुए टीम ने पकड़ लिया है, जिसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है, और मामले की आगे की जांच जारी है।
