राज्य आपदा प्रबंधन तंत्र की कार्य प्रणाली पर पूर्व सीएम हरीश रावत ने जताया असंतोष
हल्द्वानी। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि राज्य का आपदा प्रबंधन तंत्र पूरी तरह फेल है। इस वजह से लोगों की जान आफत में पड़ रही है। उन्होंने सरकार से आपदा प्रबंधन तंत्र को सक्रिय कर लोगों की मदद करने की मांग की। पूर्व सीएम हरीश रावत शुक्रवार को हल्द्वानी गौलापार में पहुंचे थे। यहां पर मीडिया कर्मियों से बातचीत में उन्होंने कहा कि बारिश के बाद हल्द्वानी में भी काफी नुकसान हुआ है। लोग परेशान हैं। यह सब आपदा तंत्र के फेल होने की वजह से हुआ है। यदि आपदा तंत्र मजबूत होता तो सही योजना तैयार की जा सकती थी। कलसिया नाले और गौला नदी से होने वाले नुकसान से लोग परेशान नहीं होते। कहा, जब वह मुख्यमंत्री थे। उस वक्त उन्होंने कलसिया नाले और गौला नदी में काठगोदाम से किच्छा तक रिवर फ्रंट डेपलवमेंट की योजना बनाई। उस योजना पर आपदा विभाग ने कोई काम नहीं किया। कहा कि आज राज्य की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि बारिश के बाद लोक निर्माण विभाग लंबे समय तक सड़क ही नहीं खोल पा रहा है। यह आपदा विभाग की नाकामी है।

