खेत पर गन्ना छीलने को गए युवक की दिन दहाड़े सिर पर गोली मारकर हत्या, पुलिस ने की कार्रवाई शुरू
हरिद्वार। जिले में मंगलवार को दिन दहाड़े एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के बाद अपराधी फरार होने में कामयाब रहे। दिन दहाड़े हुई हत्या की इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी मची हुई है। सूचना के बाद मौके पर पुलिस जांच शुरू कर अपराधियों की तलाश में जुट गई है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, भगवानपुर थाना क्षेत्र के बालेकी युसूफपुर गांव निवासी विवेक (22) गन्ना छीलने के लिए खेत पर गया था। वहां अज्ञात बदमाशों ने उसके सिर में गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। हत्या करने के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। समाचार भेजे जाने तक पुलिस क्षेत्राधिकारी मंगलौर समेत कई थानों की पुलिस मौके पर छानबीन में जुटी थी और गन्ने के खेतों की घेराबंदी कर कांबिंग शुरू कर दी गई थी।
