थाने से हथकड़ी समेत आरोप फरार, ड्यूटी पर तैनात सिपाही सस्पेंड
बाजपुर। नगर के केलाखेड़ा थाने से खैर की तस्करी के आरोपी के फरार होने के बाद अब इसकी गाज मौके पर अभिरक्षा ड्यूटी में तैनात सिपाही पर गिरी है। एसएसपी ने सिपाही को सस्पेंड कर दिया है। वहीं, फरार आरोपी 36 घंटे बाद भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। पुलिस आरोपी के परिजनों से पूछताछ में जुटी है। मंगलवार तड़के करीब चार बजे केलाखेड़ा थाना पुलिस ने गांव थापकनगला निवासी परमजीत सिंह पम्मा को खैर की तस्करी करते हुए रंगेहाथ पकड़ा था।
पुलिस पकड़ी गई पिकअप के साथ परमजीत को लेकर थाने पहुंची थी। इसी बीच वॉशरूम जाने का बहाना बनाकर परमजीत हथकड़ी समेत थाने से फरार हो गया। एसएसपी बरिंदरजीत सिंह ने मामले में लापरवाही बरतने पर अभिरक्षा ड्यूटी में तैनात सिपाही नंदू जोशी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। एसएसपी ने कहा यदि कोई पुलिसकर्मी ड्यूटी के प्रति लापरवाही करता पाया गया तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बाजपुर (ऊधमसिंह नगर) के सीओ वंदना वर्मा ने कहा कि केलाखेड़ा थाने से हथकड़ी समेत फरार खैर तस्करी के आरोपी परमजीत सिंह पम्मा को पकड़ने के लिये पुलिस टीमें लगायी गई हैं। ये टीमें आरोपी की तलाश में लगातार दबिशें दे रही हैं। जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जायेगा।
विधायक पुंडीर ने जाना यूक्रेन से लौटे छात्र मुकर्रम का हाल
विकासनगर। यूक्रेन से लौटे सेलाकुई निवासी छात्र से गुरुवार को सहसपुर विधायक सहदेव पुंडीर ने मुलाकात की। उन्होंने छात्र का हाल जानने के साथ ही वहां फंसे उत्तराखंड और पूरे देश के अन्य छात्र-छात्राओं की जानकारी ली। छात्र ने सकुशल घर वापसी के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का शुक्रिया अदा किया।
छात्र मो. मुकर्रम ने विधायक को बताया कि यूक्रेन में फंसे भारतीय छात्र-छात्राओं की मदद के लिए भारतीय दूतावास प्राथमिकता के तौर पर काम कर रहा है। प्रत्येक छात्र और अन्य भारतीयों की जानकारी जुटा कर उन्हें पड़ोसी देशों के बॉर्डर तक पहुंचाया जा रहा है। कहा कि भारत में मोदी है तो सबकुछ मुमकिन है। विधायक ने मुकर्रम को युद्ध की विभीषिका को भूलकर तनाव मुक्त रहने की सलाह दी। साथ ही बताया कि केंद्र सरकार सभी छात्र-छात्राओं की पढ़ाई जारी रखने के लिए आवश्यक उपाय करेगी। उन्होंने छात्र से यूक्रेन में फंसे अन्य भारतीय छात्र-छात्राओं की जानकारी भी ली। इस दौरान पूर्व प्रधान भगत सिंह राठौर, अनिल नौटियाल, विनोद पाल, दिनेश तिवारी आदि मौजूद रहे।
ऊर्जा निगम ने तीन बकायेदारों के बिजली कनेक्शन काटे
विकासनगर। ऊर्जा निगम उपखंड हरर्बटपुर ने बिजली बिलों के बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इस दौरान बिजली का बिल न चुकाने वाले तीस से अधिक उपभोक्ताओं के कनेक्शन काटे गए जबकि तीन लाख रुपये का राजस्व वसूला गया।
वित्तीय वर्ष के अंतिम माह मार्च में बकायेदारों के खिलाफ ऊर्जा निगम इन दिनों जगह-जगह अभियान चला रहा है। हरबर्टपुर उपखंड कार्यालय ने छह से अधिक गांवों कुंजाग्रांट, माजरी, जाटोवाला, सभावाला, बद्रीपुर, मेदनीपुर आदि गांवों में बकायेदारों के खिलाफ अभियान चलाया। इन गांवों में ऊर्जा निगम की टीम ने तीस से अधिक बकायेदारों के कनेक्शन काट डाले। इन उपभोक्ताओं पर ऊर्जा निगम का करीब छह लाख रुपये की बिजली के बिल बकाया है। जबकि कुछ उपभोक्ताओं ने ऊर्जा निगम की टीम को अपने बिलों का भुगतान किया। जिसमें ऊर्जा निगम की टीम ने करीब तीन लाख रुपये का राजस्व वसूल किया। जिसके बाद इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन कटने से बच गये। ऊर्जा निगम के एसडीओ अश्वनी कुमार ने कहा कि बकायेदारों के खिलाफ लगातार अभियान जारी है। सभी बकायेदार अपना बिल जमा करें। अन्यथा उनके कनेक्शन काटे जायेंगे। ऊर्जा निगम की टीम में अवर अभियंता राजेश कुमार, त्रिभुवन सिंह, धनवीर, भूपेंद्र, शकील, विजेंद्र, सुरेंद्र आदि शामिल रहे।

