गोमुख ट्रैक पर फंसे थे 30 पर्यटक, एसडीआरएफ ने देर रात किया रेस्क्यू

उत्तरकाशी। गंगोत्री में हुई बारिश और बर्फबारी के कारण सोमवार देर रात देवगाड़ के पास मलबा आने के गोमुख ट्रैक पर गए 30 पर्यटक फंस गए थे। देर रात गंगोत्री पुलिस चौकी को इसकी सूचना मिली। सूचना के आधार पर एसडीआरएफ मौके के लिए रवाना हुई और गोमुख ट्रैक पर फंसे ट्रैकर्स को वहां से सुरक्षित निकाला। टीम ने सभी ट्रैकर्स का रेस्क्यू कर उन्हें सुरक्षित गंगोत्री पहुंचाया। जानकारी के अनुसार सोमवार देर रात गंगोत्री से 4 किमी दूरी पर गोमुख ट्रैक पर देवगाड़ के समीप भारी भूस्खलन के कारण मार्ग बंद हो गया था। मार्ग बंद होने के कारण गोमुख ट्रैक पर गए 30 पर्यटक वहां पर फंस गए। पर्यटकों ने किसी प्रकार गंगोत्री पुलिस चौकी में मदद के लिए सूचना पहुंचाई। गंगोत्री पुलिस चौकी में सूचना के आधार पर एसडीआरएफ टीम गंगोत्री से मौके के लिए रवाना हुई। जवान कुलदीप सिंह, पंकज खरोला, कुलदीप सिंह, प्रवीण और महेंद्र ने मौके पर पहुंच कर मलबे और बोल्डरों के बीच से भारी बारिश और बर्फबारी में देवगाड़ के समीप फंसे 30 ट्रैकर्स को एक-एक कर सुरक्षित निकालकर गंगोत्री धाम पहुंचाया। जहां पर पर्यटकों ने सुरक्षित गंगोत्री पहुंचने पर टीम का धन्यवाद किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *