20 मई से कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला के प्रचार में उतरेंगे पूर्व सीएम हरीश रावत
देहरादून। उत्तराखंड के चम्पावत उपचुनाव अब मौसम के साथ ही सियासी पारा भी चढ़ेगा। कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी के समर्थन में पूर्व सीएम हरीश रावत चुनाव प्रचार करेंगे। नामांकन में न पहुंच पाने पर सीएम हरीश रावत ने सोशल मीडिया में आगामी 20 मई से प्रचार प्रसार के लिए चम्पावत जाने की जानकारी शेयर की है।
पूर्व मुख्यमंत्री रावत ने मैसेज लिखा है कि कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी एक ऐसी विदुषी महिला हैं। जो गृहस्थ जीवन और सामाजिक जीवन, दोनों में समन्वय रखते हुए अपने कर्तव्य का निर्वहन करते हुये आज ऐसे मुकाम तक पहुंची हैं। पार्टी ने उन्हें चम्पावत विधानसभा उपचुनाव की चुनौती स्वीकार करने का आदेश दिया है। उन्होंने गोलज्यू महाराज के आशीर्वाद लेकर नामांकन पत्र भरा। उत्तराखंड में दोनों बार 2017 व 2022 में जनता-जनार्दन ने भाजपा को ब्रूट मेजॉरिटी दी। 2017 में तो एक निर्मम बहुमत और 2022 में एक अत्यधिक शक्तिशाली बहुमत भाजपा को दिया है। राज्य में लोकतांत्रिक परंपराएं जीवित रहें, संघर्षशील शक्तियों को आवाज मिल सके और सरकार के ऊपर जनता का अंकुश बना रहे, उसके लिए आवश्यक है कि कांग्रेस को शक्ति मिले।
