अपराध

स्कूल बस की टक्कर से स्कूटी सवार महिला की मौत, परिवार पर टूट पड़ा दुखों का पहाड़

चमोली।  मंगलवार दोपहर दो बजे कोठियालसैंण निवासी मंजू नेगी को क्राइस्ट एकेडमी की बस ने कुचल दिया। वह अपने काम से गोपेश्वर की तरफ आ रही थी। बस चालक विद्यालय की छुट्टी होने पर बच्चों को लेकर गोपेश्वर की तरफ जा रहा था। पोखरी बैंड के पास चालक ने आगे चल रही मंजू की स्कूटी को ओवरटेक करने में टक्कर मार दी। जिसमें उनकी मौत हो गई। उनके तीन बच्चे हैं, सबसे बड़ी प्रिया 11 साल, कनक नौ साल और सबसे छोटा बेटा आर्यन पांच साल का है। दुर्घटना से आक्रोशित परिजन व स्थानीय लोग गोपेश्वर थाने पहुंचे। विद्यालय के मैनेजर को भी थाने बुलाया गया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद तय हुआ कि विद्यालय तीनों बच्चों को 12वीं तक निशुल्क पढ़ाई करवाएगा। इस दौरान ईराणी के पूर्व प्रधान मोहन सिंह नेगी, सभासद सूर्य प्रकाश पुरोहित, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष गजेंद्र रावत, पूर्व जिला पंचायत सदस्य योगेंद्र सेमवाल, योगंबर सिंह आदि मौजूद रहे।  पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा :  गोपेश्वर थानाध्यक्ष नरेश राठौड़ ने बताया कि परिजनों व विद्यालय प्रबंधन के बीच समझौता हुआ है, जिसमें विद्यालय तीनों बच्चों को 12वीं तक पढ़ाएगा। परिजनों की तहरीर पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बस को पुलिस ने कब्जे में लिया है, चालक भी हिरासत में है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *