उत्तराखंड

स्कूल जा रहे छात्रों पर ततैयों ने किया हमला,छात्रा की हालत गंभीर

पिथौरागढ।सीमांत जिला पिथौरागढ़ के डुंगरा गांव में स्कूल जा रहे छात्रों पर ततैयों के झुंड ने हमला कर दिया। ततैयों के हमले से चारों छात्र गंभीर घायल हो गए। उनको अस्पताल ले जाया गया, जिनमें से एक छात्रा को आईसीयू में भर्ती कराया गया है। जहां उसका उपचार जारी है।
बताया जा रहा है कि शनिवार को जिला मुख्यालय से 20 किलोमीटर दूर डुंगरा गांव के दिव्यांशु (14), निशा (15), अनिकेत (13) और कमल सिंह (16) घर से राजकीय हाईस्कूल पाभैं के लिए निकले। रास्ते में पेड़ पर बने छत्ते से निकलकर ततैयों के झुंड ने उन पर हमला कर दिया। सभी अपनी जान बचाने के लिए भागे, लेकिन तब तक ततैयों ने उन्हें कई बार डंक मारकर घायल कर दिया।
इस घटना की सूचना पर पहुंचे परिजनों ने चारों को जिला अस्पताल पहुंचाया। दिव्यांशु, अनिकेत और कमल को प्राथमिक इलाज के बाद हालत ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई है। छात्रा निशा की गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक, छात्रा का बीपी लगातार गिर रहा था और उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। ऐसे में उसे आईसीयू में भर्ती कर इलाज किया जा रहा है। उसकी हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। डॉ. भागीरथी गर्ब्याल, पीएमएस जिला अस्पताल पिथौरागढ़ ने बताया कि ततैयों के हमले में घायल चार विद्यार्थी अस्पताल पहुंचे. तीन की हालत ठीक है। छात्रा की थोड़ी गंभीर हालत को देखते हुए उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है। फिलहाल वह भी खतरे से बाहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *