सैनिक सम्मान के साथ उत्तराखंड के लाल शहीद प्रवीण सिंह गुसाईं का अंतिम संस्कार
नयी टिहरी। देश की सरहदों की रक्षा में प्राण न्यौछावर कर देने वाले भारत माता के सपूत शहीद प्रवीण सिंह गुसाईं को गर्व से भरी नम आंखों से अंतिम विदाई दी गई। गौरतलब है कि दो दिन पहले जम्मू कश्मीर के शोपियां जिले में पतिलुहलान और छोटीपुरा के बीच सेंधाऊ बाजार में आतंकियों की धर पकड़ के लिए चलाए जा रहे सर्च आपरेशन के दौरान 15वीं गढ़वाल राइफल के वीर सैनिक प्रवीण सिंह गुसाईं शहीद हो गए थे। शहीद प्रवीण सिंह गुसाईं की पार्थिव देह को शनिवार को पूरे सैन्य सम्मान के साथ उनके पैतृक गांव पुंडोली, पट्टी नैलचामी, विकास खंड भिलंगना (टिहरी गढ़वाल) लाया गया। आसपास के क्षेत्रों से उनके अंतिम दर्शनों के लिए जनसैलाब उमड़ आया। पूरा माहौल शहीद गुसाईं के जयकारों से गूंज उठा। बाद में शहीद प्रवीण सिंह गुसाईं के पार्थिव शरीर को अंतिम अंत्येष्टि हेतु उनके पैतृक घाट महड़(शिवपुरी) नैलचामी लाया गया। इस दौरान श्री नीलचामेश्वर मंदिर परिसर में शहीद प्रवीण सिंह गुसाईं के पार्थिव शरीर पर विधायक टिहरी किशोर उपाध्याय, विधायक घनसाली शक्ति लाल शाह, जिलाधिकारी टिहरी गढ़वाल इवा आशीष श्रीवास्तव, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, भारतीय सेना कर्नल मुकेश प्रसाद, जिला सैनिक कल्याण अधिकारी जी एस चंद, जिला अध्यक्ष भाजपा विनोद रतूड़ी, पूर्व विधायक भीम लाल आर्य, एस डीएम घनसाली के.एन. गोस्वामी आदि द्वारा पुष्प चक्र अर्पित कर भाव भीनी श्रदांजलि दी गई। इसके बाद शहीद के सम्मान में सैनिकों द्वारा सलामी दी गई।

