सीपीएम ने विद्युत दरों में वृद्धि के प्रस्ताव के विरोध में फूंका प्रदेश सरकार का पुतला 

 देहरादून। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) ने  प्रदेश में बिजली दरों की प्रस्तावित वृद्धि को लेकर विरोध के स्वर तेज कर दिए हैं। इसी सिलसिले में पार्टी ने शहर में जोरदार  प्रदर्शन किया और प्रदेश सरकार का पुतला फूंक कर गुस्से का इजहार किया। पार्टी कार्यकर्ता राजपुर रोड स्थित पार्टी कार्यालय से जुलूस के रूप में राजपुर रोड पर पहुंचे, जहां प्रदर्शन करते हुए सरकार का पुतला दहन किया।
इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने कहा है कि प्रदेश की भाजपा सरकार पर केंद्र की मोदी सरकार के नक्शे कदमों पर चलने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रदेश सरकार एक के बाद एक जनविरोधी कदम उठाकर जनता पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाल रही है। अब सरकार चौथी बार बिजली की दर को बढ़ाने का प्रस्ताव लाकर आमजन पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डालने की साजिश कर रही है। वक्ताओं ने कहा है कि इस मुद्दे को लेकर आगामी पांच जनवरी को प्रदेशव्यापी आन्दोलन होगा।
पार्टी नेताओं का कहना था कि इस साल बीजेपी सरकार द्वारा तीन बार बिजली की कीमतों में वृद्धि की गई। अब एक बार फिर से ऊर्जा निगम ने बिजली की दर बढ़ाने का प्रस्ताव विद्युत नियामक आयोग को भेजा है। पार्टी का कहना है कि बिजली की दर बढ़ाने से राज्य की जनता पर महंगाई की मार के साथ ही दोहरी मार पड़ेगी। ऊर्जा प्रदेश की  भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के चलते राज्य की जनता को बहुत परेशानी झेलनी पड़ रही है।
पार्टी ने प्रदेश सरकार द्वारा स्थानीय परिवहन को निजी हाथों में देने की भी निन्दा करते हुए कहा कि भविष्य में प्रस्तावित किराया वृद्धि का भी विरोध किया जाएगा। यही नहीं, राज्य सरकार ने बाहरी कम्पनी के साथ अनुबंध करने के बाद आंचल दूध के मूल्य में भी वृद्धि कर दी है। इसी प्रकार स्मार्ट सिटी तथा अन्य योजनाओं को लाकर जनविरोधी कार्यों एवं कारपोरेट नीतियों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
प्रदर्शन करने वालों में पार्टी के जिला सचिव राजेंद्र पुरोहित, महानगर सचिव अनन्त आकाश, सचिव मंडल की सदस्य इन्दु नौडियाल, लेखराज, शम्भू प्रसाद ममगाईं, कृष्ण गुनियाल, विजय भट्ट, एन एस पंवार, नुरैशा अंसारी, अर्जुन रावत, कलमसिंह लिंगवाल, मामचन्द, रामसिंह भंडारी, चन्दा ममगाईं, कुसुम नौडियाल, अंजली सेमवाल, संगीता नैथानी, भारती पयाल, अनिता नेगी, सुरेशी नेगी, मीना मवाल, शशी मवाल, किरण, उदय ममगाई आदि बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता शामिल थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *