सीपीएम ने पुल हादसे में मारे गये लोगों को दी श्रद्धांजलि, हादसे को बताया गुजरात माडल का वीभत्स चेहरा
देहरादून। मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी ने आज गुजरात के मोरवी पुल हादसे में मारे गये लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा। पार्टी जिला कार्यालय में आयोजित शोक सभा में कहा गया कि मोरवी पुल हादसा गुजरात मॉडल की उस वीभत्सता का प्रतीक है, जिसे देश की जनता अनेक स्वरूपों में झेलने को विवश है। पार्टी ने कहा कि देश की जनता अब ज्यादा दिन तक ऐसे जनविरोधी व साम्प्रदायिक मॉडल को चलने नहीं देगी। वक्ताओं ने कहा कि इस मॉडल के खिलाफ देशभर में जनता एकजुटता के साथ संघर्ष करेगी। वक्ताओं ने उम्मीद जताई कि आने वाले चुनाव में गुजरात और हिमाचल में जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी। पार्टी ने विभिन्न समस्याओं पर संघर्ष के निर्णय के साथ ही आगामी दिनों में प्रस्तावित सी आई टी यू एवं एस एफ आई के राज्य सम्मेलन को सफल बनाने का भी निर्णय लिया। पार्टी ने बिगड़ती कानून व्यवस्था पर भी चिन्ता व्यक्त की।
शोक सभा में पार्टी के जिलासचिव राजेंद्र पुरोहित, महानगर सचिव अनन्त आकाश, सचिवमण्डल के लेखराज, शम्भू प्रसाद ममगाई, हिमांशु चौहान,अर्जुन रावत, शैलेंद्र कुमार, रविन्द्र नौडियाल व मामचंद आदि ने विचार व्यक्त किये। अध्यक्षता कामरेड भगवन्त पयाल ने की ।बैठक सम्पन्न हुई ।

