संदिग्ध हालात में जेल में आरोपी की मौत, दुष्कर्म समेत कई मामलों में दो महीनों से था बंद
हल्द्वानी। हल्द्वानी उप कारागार में दुष्कर्म के मामले में बंद आरोपी यूएस नगर के बाजपुर निवासी 37 वर्षीय इस्लामुद्दीन की बुधवार रात एसटीएच में इलाज के दौरान मौत हो गई। जेल अधीक्षक प्रमोद पांडे ने बताया कि इस्लामुद्दीन पिछले दो महीने से जेल में था। उस पर दुष्कर्म समेत अन्य गंभीर आरोप भी थे, जिनकी हल्द्वानी कोर्ट में सुनवाई चल रही थी। जेल अधीक्षक ने बताया कि बुधवार को सीसीटीवी फुटेज में वह अपनी बैरक में आराम से बैठकर लोगों से बातचीत करता दिखाई दे रहा है। शाम करीब 4 बजे उसने तकलीफ होने की बात कहते हुए चिकित्सकीय जांच की बात कही। इसके बाद उसे एसटीएच भेजा गया। यहां जांच के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की पुष्टि के बाद परिजनों को सूचना दी गई और शव को मोर्चरी भेज दिया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया। मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता लग पाएगी।

