अपराध

संदिग्ध परिस्थितियों में मिला गार्ड का शव, परिजनों ने जताई हत्या की आशंका

काशीपुर। महुआखेड़ा गंज स्थित बंद पड़ी एक फैक्ट्री में रविवार को सुरक्षाकर्मी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पड़ा मिला। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए मामले की गहन जांच की मांग की है। वहीं सुरक्षाकर्मी के साथ काम करने वाला उसका भतीजा और एक अन्य कर्मचारी घटना के बाद से लापता बताए जा रहे हैं। मृतक की पहचान यूपी के जिला बुलंदशहर के ग्राम सैदपुरा निवासी 48 वर्षीय करमवीर सिंह पुत्र रंजीत सिंह के रूप में हुई है। वह महुआखेड़ा गंज स्थित बंद पड़ी फैक्ट्री में सुरक्षाकर्मी के रूप में तैनात था और फैक्ट्री परिसर में ही रहता था। रविवार सुबह किसी राहगीर ने फैक्ट्री के मुख्य गेट के पास शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन फैक्ट्री परिसर में लगे तीनों कैमरे बंद मिले। पूछताछ में पता चला कि उनकी डीवीआर काफी समय से खराब है। पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर शव पोस्टमार्टम हाउस भिजवाया। पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे मृतक के बेटे रिंकू ने बताया कि उसके पिता के साथ चाचा योगेंद्र सिंह का बेटा अपरांत और एक अन्य व्यक्ति ओमपाल भी उसी फैक्ट्री में सुरक्षा गार्ड का काम करते थे। घटना के बाद से अपरांत और ओमपाल मौके पर नहीं मिले हैं। हालांकि अपरांत का मोबाइल फोन घटनास्थल पर मिला, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। रिंकू ने अपने पिता की हत्या की आशंका जताई है। परिजनों के अनुसार करमवीर सिंह दो भाइयों में बड़े थे और परिवार ग्राम सैदपुरा में रहता है। उनके बच्चे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं, जबकि बेटी की शादी हो चुकी है। करमवीर महीने में एक-दो बार घर आते थे। पैगा चौकी प्रभारी जितेंद्र कुमार ने बताया कि लापता भतीजे और दूसरे कर्मचारी की तलाश की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो सकेगा। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर सुराग जुटाने में लगी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *