शहीद कैप्टन बहादुर सिंह कैड़ा के नाम पर होगा राजकीय इंटर कॉलेज का नाम 

 

अल्मोड़ा। वीरभूमि उत्तराखंड के सैनिकों ने देश की रक्षा में अपनी शहादतों की अब तक अनेक  गौरवगाथाएं लिखी हैं। मातृभूमि की रक्षा के लिए  अपने प्राण न्योछावर करने वाले ऐसे ही रणबांकुरों की लंबी सूची में अल्मोड़ा के शहीद कैप्टन बहादुर सिंह कैड़ा का नाम भी दर्ज है।उनके सम्मान में उत्तराखंड सरकार ने अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज सलोंज का नाम परिवर्तित कर शहीद कैप्टन बहादुर सिंह कैड़ा के नाम पर कर दिया है। राज्यपाल ने राजकीय आदर्श इंटर कॉलेज सलोंज का नाम परिवर्तन कर शहीद कैप्टन बहादुर सिंह कैड़ा राजकीय अटल उत्कृष्ट इंटर कॉलेज करने का शासनादेश जारी किया है। सरकार के इस कदम का क्षेत्रवासियों ने स्वागत करते हुए खुशी व्यक्त की है।

गौरतलब है कि अल्मोड़ा जिले के दियारी गांव के शहीद कैप्टन बहादुर सिंह कैड़ा ने 15 राजपूत रेजीमेंट में अपनी सेवाएं दी थीं।  भारत-पाक युद्ध के दौरान पंजाब के अबोहर में 26 वर्ष की आयु में देश की रक्षा करते हुए 15 दिसंबर 1971 को शहीद हो गए थे। दियारी गांव के रिटायर्ड प्रधानाचार्य नारायण सिंह कैड़ा ने बताया कि शहीद कैप्टन बहादुर सिंह कैड़ा अविवाहित थे तथा उन्होंने भारत-पाक युद्ध के दौरान दुश्मन के कई सैनिकों को मौत के घाट उतार दिया था। इसी युद्ध के दौरान दुश्मन सेना से लोहा लेते हुए वह शहीद हो गए थे। धामी सरकार के इस निर्णय पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र कैड़ा, प्रधानाचार्य चंद्र कांत तिवारी, रिटायर्ड प्रधानाचार्य नारायण सिंह कैड़ा, पूर्व ब्लाक प्रमुख दुर्गा कैड़ा, भाजपा मंडल अध्यक्ष खड़क सिंह नेगी, राजकीय माध्यमिक शिक्षक संघ अध्यक्ष शंकर भैसोड़ा, शिक्षक गिरीश आगरी, पूर्व कमांडेंट खीम सिंह कैड़ा, ग्राम प्रधान कमल कैड़ा, क्षेत्र पंचायत सदस्य मंजू कैड़ा, पूर्व सैनिक जयंत सिंह कैड़ा, मथुरा सिंह कैड़ा, पूरन चंद्र जोशी, भाष्कर भट्ट, नरेंद्र नेगी, प्रताप सिंह कैड़ा, शंकर राम, मोहन चंद्र जोशी तथा अभिभावक संघ और प्रबंध समिति ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी एवं कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य का आभार जताया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *