उत्तराखंड

विवादों में घिरे पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने उर्मिला सनावर पर लगाया ब्लैकमेलिंग का आरोप

हरिद्वार। अंकिता भंडारी हत्याकांड से जुड़े ऑडियो-वीडियो को लेकर चल रहे राजनीतिक विवाद के बीच पूर्व विधायक सुरेश राठौर ने एक बार फिर सार्वजनिक रूप से अपनी सफाई दी है। हरिद्वार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में सुरेश राठौर ने अभिनेत्री उर्मिला सनावर पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उन्हें ब्लैकमेल कर उनसे 50 लाख रुपये की मांग की गई और यह पूरी साजिश कांग्रेस के इशारे पर रची गई है।
सुरेश राठौर ने दावा किया कि उर्मिला सनावर लगातार उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि ब्लैकमेलिंग के बाद भी उर्मिला सनावर बाज नहीं आ रही हैं और सोशल मीडिया व सार्वजनिक मंचों के माध्यम से उनकी छवि खराब करने का प्रयास किया जा रहा है।
राठौर ने कहा कि यदि उर्मिला वास्तव में उनकी पत्नी होने का दावा करती हैं तो उन्हें न्यायालय का दरवाजा खटखटाना चाहिए, न कि सोशल मीडिया पर आरोप-प्रत्यारोप कर चरित्र हनन करना चाहिए। ताज़ा प्रकरण का ठीकरा कांग्रेस के सर फोड़ते हुए पूर्व विधायक ने उर्मिला सनावर को कांग्रेस का “एजेंट” तक बता दिया। राठौर ने कहा कि पूरे मामले में कांग्रेस नेताओं की भूमिका संदिग्ध है। उन्होंने उर्मिला सनावर और कांग्रेस से जुड़े लोगों की मोबाइल कॉल डिटेल रिकॉर्ड की निष्पक्ष जांच की मांग की। राठौर का दावा है कि यदि कॉल डिटेल की जांच होती है तो कई चौंकाने वाले नाम सामने आएंगे।
पूर्व विधायक ने पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच जरूरी है और किसी दबाव में आकर कार्रवाई नहीं होनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *