विधान सभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी के बयान से चढ़ा कांग्रेस का पारा, झूठ बोलने की बजाय विकास पर ध्यान देने की दी नसीहत
जल्दी ही माफ़ी नहीं मांगी तो आंदोलन करेगी कांग्रेस
कोटद्वार। क्षेत्रीय विधायक एवं विधान सभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी अपने एक वायरल वीडियो को लेकर विरोधियों के निशाने पर आ गयी हैं। कांग्रेसियों ने इस वीडियो को आपत्तिजनक बताते हुए ऋतु की कड़ी निंदा की है। कांग्रेस जनों ने जिला कांग्रेस के शिविर कार्यालय लीसा भवन में एक बैठक कर उनके बयान पर आक्रोश व्यक्त किया और विधायक से सार्वजनिक रूप से माफ़ी मांगने की मांग करते हुए आंदोलन की धमकी दी है। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने कहा कि घमंडपुर कोटद्वार में शराब की दुकान खोले जाने के खिलाफ़ आंदोलित महिलाओं के बीच जाकर विधायक ऋतु खंडूरी ने एक भ्रामक वक्तव्य दिया। वायरल वीडियो में वह कहती नजर आ रही हैं कि नगर निगम कोटद्वार की तरफ से एनओसी दिये जाने के बाद शराब की यह दुकान खोली गई है, ना कि सरकार ने दुकान खुलवाई है। जबकि वास्तविकता यह है कि नगर निगम ने भवन बनाने की अनुमति दी है ना कि शराब की दुकान खोलने की। कांग्रेस का कहना है कि सरकार के आबकारी विभाग और शासन-प्रशासन के माध्यम से दुकान खोलने की प्रक्रिया पूरी की गई है। नगर निगम की इसमें कोई भूमिका नहीं है। बैठक में वक्ताओं ने कहा कि राजनैतिक दुराग्रहों के चलते विधायक ने ऐसी भ्रामक बयानबाजी कर जनता को बरगलाने का कार्य किया है। कांग्रेस जनों ने मांग की है कि यदि विधायक जनता को स्पष्टीकरण नहीं देती हैं और माफी नहीं मांगती हैं तो कांग्रेस पार्टी स्थानीय जनता के साथ मिलकर आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
इस मौके पर अमित राज सिंह पूर्व अध्यक्ष यूथ कांग्रेस, अनिल रतूड़ी पूर्व महामंत्री, विनोद नेगी जिला मंत्री, अनिल चौधरी, राजा आर्य, सुरेश जोशी, सुरेश असवाल पूर्व दुगड्डा ब्लॉक प्रमुख, बलबीर सिंह रावत कृपाल सिंह नेगी, संदीप सिंह रावत आदि मौजूद थे।
दूसरी ओर, कोटद्वार की कांग्रेसी मेयर श्रीमती हेमलता नेगी ने भी विधायक के बयान पर कड़ा ऐतराज जताया है और उन्हें जनता को गुमराह करने की बजाय विकास कार्यों पर ध्यान देने की नसीहत दी है। अपने आवास पर मीडिया से बातचीत करते हुए मेयर नेगी ने विधायक को खुली चुनौती दी कि अगर यह साबित हो जाय कि शराब की दुकान खोलने को नगर निगम ने एनओसी जारी की है तो वह अपने पद से इस्तीफ़ा दे देंगी, नहीं तो झूठ बोलने के लिए विधायक को त्यागपत्र देना होगा। मेयर श्रीमती नेगी ने कहा कि अधर में पड़े लालढांग-चिलरखाल मोटर मार्ग,मेडिकल काॅलेज निर्माण, टाईगर सफारी योजना, ऐतिहासिक पर्यटन स्थल कण्व आश्रम का विकास और लंबे समय से बंद पड़ी रेल सेवाओं पर ध्यान देने की बजाय नगर निगम पर निराधार आरोप लगाकर न सिर्फ जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रही हैं बल्कि अपनी नाकामियों पर भी पर्दा डालने का जतन कर रही हैं।

