वित्त मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल का आश्वासन, बजट में सभी वर्गों का रखा जाएगा ध्यान
देहरादून। वित्त व संसदीय कार्यमंत्री प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि राज्य का बजट सभी वर्गों को ध्यान में रखकर तैयार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जेंडर बजट के साथ इसमें समग्र विकास पर फोकस किया जाएगा। सोमवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान अग्रवाल ने बताया कि विधानसभा का बजट सत्र देहरादून विधानसभा में 26 फरवरी से लेकर एक मार्च तक आयोजित होगा। उन्होंने कहा कि कई विधायकों के लिखित अनुरोध के बाद सत्र देहरादून में आयोजित कराने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि बजट सत्र के पहले दिन राज्यपाल का अभिभाषण होगा। इसके बाद कार्य मंत्रणा समिति की बैठक में सत्र की रूपरेखा तैयार की जाएगी। अग्रवाल ने बताया कि राज्य का यह बजट जेंडर बजट होगा। जिससे विकास की गतिविधि बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि सभी वर्ग को ध्यान में रखते हुए बजट तैयार किया जा रहा है। जिसमें लोगों के सुझावों को भी ध्यान में रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड को श्रेष्ठ राज्य बनाने के लिए बजट में प्रावधान किया जाएगा।
विधायकों को पुनर्जीवित कराने होंगे सवाल
विधानसभा सत्र के दौरान विधायकों को सवाल पूछने के लिए पिछले सत्र के लिए पूछे गए सवालों को पुनर्जीवित कराना होगा। दरअसल पिछले सत्र का सत्रावसान होने की वजह से नियमों के तहत बजट सत्र के लिए विधायकों को नए सिरे से सवाल लगाने होंगे। लेकिन एक व्यवस्था यह भी है कि विधायक विधानसभा को पत्र लिखकर अपने पुराने सवालों को नए सत्र में शामिल करने का अनुरोध कर सकते हैं। विधानसभा सूत्रों के अनुसार पिछले सत्र में विधायकों के तीन सौ के करीब सवाल अनुत्तरित थे। ऐसे में अब विधायक इन सवालों को फिर से पुनर्जीवित करा सकते हैं।
