वाहन चैकिंग के दौरान घायल पुलिस कांस्टेबल की अस्पताल में मौत, पुलिस  महकमे में शोक की लहर 

 

किच्छा। किच्छा में चुकटी स्थित टोल के पास वाहन चेकिंग के दौरान लकड़ी से भरे ट्रक की टक्कर से घायल पुलिस कांस्टेबल लक्ष्मण सिंह बिष्ट  जिंदगी की जंग हार गए। सोमवार को देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया। उनका रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा था।
गौरतलब है कि 6 नवंबर की देर रात लालपुर चौकी प्रभारी सुनील बिष्ट मध्य रात्रि कॉन्स्टेबल लक्ष्मण सिंह बिष्ट और किशोर कुमार को साथ लेकर ओवरलोड वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लकड़ी से ऊपर तक भरे ट्रक नंबर यूके 06 सीए 7713 पुलिस के रोकने पर नहीं रुका और लक्ष्मण को रौंदता हुआ फरार हो गया। गंभीर हालत में लक्ष्मण सिंह बिष्ट को रुद्रपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। पुलिस ने ट्रक चालक के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। लक्ष्मण सिंह बिष्ट को उपचार के दौरान होश नहीं आया। उनकी हालत लगातर बिगड़ती गई।
चिकित्सक भी लगातार उनकी जान बचाने का प्रयास कर रहे थे। परंतु लक्ष्मण सिंह बिष्ट सोमवार रात जिंदगी की जंग हार गये और उन्होंने देर रात दम तोड़ दिया। सूचना पर पुलिस के अधिकारी अस्पताल पहुंच गए। मंगलवार सुबह लक्ष्मण सिंह बिष्ट के शव का पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *