अपराध

लूटे गए मोबाइल के साथ दो बदमाश चढ़े पुलिस के हत्थे, नशे के आदी हैं आरोपी

विकासनगर। सेलाकुई पुलिस ने कंपनी से घर जा रहे कर्मचारी के साथ हुई मोबाइल लूट की घटना का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लूटा गया मोबाइल भी बरामद कर लिया गया है। आरोपियों में एक पहले नशा तस्करी में जेल जा चुका है। दोनों नशे के आदी हैं और नशे की पूर्ति करने के लिए मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया था। मुसाहिद पुत्र शहीद अहमद निवासी जमनपुर सेलाकुई स्थित एक कंपनी में काम करता है। रात को करीब पौने नौ बजे वह कंपनी से घर पैदल ही घर जा रहा था। जैसे ही वह लेबर चौक पर पहुंचा, अचानक बाइक सवार दो युवक आए और उसके हाथ से मोबाइल छीनकर फरार हो गए। पीड़ित के मुताबिक वह मोटरसाइकिल का पूरा नंबर नोट नहीं कर पाया। उसने काफी शोर मचाया, लेकिन वह तेजी से फरार हो गए। थानाध्यक्ष पीड़ी भट्ट ने बताया कि शिकायत के बाद अज्ञात बाइक सवारों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर बाइक चोरों की तलाश शुरू कर दी है। मुखबिर की सूचना पर बुधवार देर रात सेलाकुई थाना क्षेत्र से दोनों आरोपियों आसिफ पुत्र इकबाल निवासी सहसपुर व नदीम पुत्र युसूफ निवासी सहसपुर को लूटे मोबाइल व घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल के साथ गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वह नशे के आदी है तथा अपनी नशे की आवश्यकताओं की पूर्ति के लिए मोबाइल लूट की घटना को अंजाम दिया। गिरफ्तार नदीम पूर्व में भी मादक पदार्थों की तस्करी में जेल जा चुका है। उसके खिलाफ थाना सहसपुर में एनडीपीएस के दो मुकदमे दर्ज हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *