लापता ट्रैकर का नही लगा कोई सुराग,तलाश जारी
रुद्रप्रयाग। प्रसिद्ध मध्यमहेश्वर पैदल ट्रैक पर ट्रैकिंग के लिए गए 8 सदस्यों के दल में से एक ट्रैकर पिछले चार दिनों से लापता है। जिसे तलाश किया जा रहा है। लापता ट्रैकर देहरादून का रहने वाला एक युवा है, जो अपने दोस्तों के साथ से बिछड़ गया। चार दिनों से इस ट्रैकर का कुछ पता नहीं चल पाया है.
विगत 10 नवम्बर रात्रि लगभग दस बजे पुलिस कंट्रोल रूम को दूरभाष के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि मध्यमहेश्वर पैदल ट्रैक पर गए 8 सदस्यों के दल में से एक सदस्य वासू फरासी (22), निवासी डांडा खुदानेवाला, सहस्त्रधारा रोड, देहरादून अपने साथियों से बिछड़ गया है और उसका कोई पता नहीं चल पा रहा है। सूचना प्राप्त होते ही आपदा परिचालन केन्द्र रुद्रप्रयाग द्वारा शीघ्र संबंधित राजस्व उपनिरीक्षक रांसी, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ एवं पुलिस टीमों को सूचित कर रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया।
वर्तमान में भी पुलिस, एसडीआरएफ एवं डीडीआरएफ की संयुक्त टीमें स्थल पर पहुंचकर लगातार सघन तलाशी अभियान चला रही हैं। टीमों द्वारा 2 ड्रोन की सहायता से भी लापता ट्रैकर की खोज की जा रही है। जिला प्रशासन द्वारा घटना की सतत निगरानी की जा रही है तथा संबंधित अधिकारियों को शीघ्र लापता ट्रैकर को खोजने के निर्देश दिए गए हैं। ट्रैकर की पैदल मार्ग सहित अन्य स्थानों पर खोजबीन की जा रही है, लेकिन अभी तक ट्रैकर का कुछ पता नहीं चल पाया है।

