वन्यजीव

रुद्रप्रयाग जिले के कई गांवों में भालू के आतंक से त्रस्त हैं लोग, रतजगा कर रहे ग्रामीण

रुद्रप्रयाग।  धनपुर पट्टी के कई गांवों में इन दिनों भालू का आतंक है। लोग डर के कारण घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। वीरों गांव में भालू गोशालाएं तोड़ कर मवेशियों पर हमले कर रहा है। जबकि मुख्यालय स्थित पुनाड़ में भालू घरों के आगे गुजरता दिखाई दे रहा है जिससे लोगों में दहशत है। कभी ऊंचाई वाले क्षेत्रों में रहने वाले जानवर अब गांव और शहरी इलाकों में आने लगे हैं। बीते कई दिनों से लोग भालू क आतंक से दहशत में है। वीरों निवासी सामाजिक कार्यकर्ता सैन सिंह राणा, दिनेश सिंह, प्रहलाद सिंह आदि ने बताया कि गांव में भालू हमलावर हो रहा है। बीती रात भालू ने ग्रामीण भगत सिंह की गोशाला तोड़ी और वहां बंधे मवेशियों पर हमला किया। वहीं शाम होते ही कई बार भालू गांव में धमक रहा है जिससे लोग डरे हैं। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र सुरक्षा की मांग की है। वहीं मुख्यालय से लगे पुनाड़ क्षेत्र में भालू कई बार लोगों के घरों से गुजर रहा है। लोग शोर-शराबा और पटाखे फोड़कर भालू भगा रहे हैं। वन विभाग की टीम भी ग्रामीणों के साथ गश्त कर रही है। स्थानीय निवासियों ने वन विभाग से शीघ्र भालू को गांव में प्रवेश करने से पहले ठोस कार्यवाही की मांग की है ताकि उसकी क्षेत्र में आने की आदत टूट सके। उन्होंने कहा कि सांय होते ही लोग घरों से बाहर आने में भी डर रहे हैं। कई बार लोग रतजगा कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *