अपराध

माइनिंग विभाग की फ्लाइंग टीम पर खनन माफिया ने किया हमला, मुकदमा दर्ज़

रुड़की। अवैध खनन पर अंकुश लगाने के लिए तैनात माइनिंग फ्लाइंग टीम पर खनन माफिया ने हमला बोल दिया। टीम के साथ मारपीट कर न सिर्फ सरकारी गाड़ी में तोड़फोड़ की गई, बल्कि आरोपी ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर मौके से फरार भी हो गए। मामले में टीम प्रभारी की तहरीर पर दो नामजद समेत कई अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। रविवार तड़के माइनिंग की फ्लाइंग टीम रायसी देहात क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि बाणगंगा क्षेत्र से अवैध रूप से रेत निकालकर ट्रैक्टर-ट्रॉली के माध्यम से ओसपुर, अकौढा खुर्द और मुंडाखेड़ा कलां गांव की ओर ले जाई जा रही है। सूचना पर टीम ने मुंडाखेड़ा कलां के पास खड़ंजा मार्ग पर घेराबंदी कर रेत से लदी दो ट्रैक्टर-ट्रॉली रोक लीं। टीम ने जब ट्रैक्टर चालकों को कोतवाली चलने को कहा तो वे उलझ गए। आरोप है कि चालकों ने फोन कर अपने साथियों को मौके पर बुला लिया। कुछ ही देर में लाठी, डंडे, लोहे की रॉड और चैन लेकर पहुंचे लोगों ने टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान टीम प्रभारी विशाल और सदस्य दीपक और अमन के साथ जमकर मारपीट की गई, जिससे वे घायल हो गए। हमलावरों ने टीम की बोलेरो गाड़ी में भी तोड़फोड़ की और फिर दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर फरार हो गए। घटना के बाद घायल टीम सदस्य कोतवाली पहुंचे और पूरे मामले की तहरीर दी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजीव रौथाण ने बताया कि टीम प्रभारी विशाल की तहरीर पर आकाश निवासी जैतपुर, भूरा निवासी खड़ंजा कुतुबपुर समेत कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस का कहना है कि अवैध खनन और सरकारी कार्य में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *