Tuesday, August 25, 2026
Latest:
उत्तराखंड

महिला को निवाला बनाने वाला गुलदार पिंजरे में कैद,लोगों ने ली राहत की सांस

हल्द्वानी। बीते दिनों रानीबाग के समीप मोरा दोगड़ा क्षेत्र में एक महिला को घर के अंदर से उठाकर ले जाकर निवाला बनाने वाला गुलदार आखिरकार पिंजरे में कैद हो गया है। गुलदार के क्षेत्र में सक्रिय होने से लोग दहशत में थे। देर रात गुलदार शिकार की तलाश में निकला था, जो लालच में वन विभाग के लगाए पिंजरे में कैद हो गया। गुलदार के पकड़े जाने से स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है। वन विभाग की टीम गुलदार को रानीबाग स्थित रेस्क्यू सेंटर लेकर गई है।
वन विभाग की टीम ने कई दिनों की निगरानी और प्रयासों के बाद गुलदार को पकड़ने में सफलता हासिल की। फिलहाल गुलदार को वन विभाग की निगरानी में रखा गया है और उसका मेडिकल परीक्षण कराया जाएगा। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि गुलदार को आदमखोर घोषित किया जाएगा या नहीं।
रेंजर मुकुल चंद्र शर्मा ने बताया कि गुलदार का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। मेडिकल परीक्षण करने के बाद ही पता चल सकेगा यह वही गुलदार है या नहीं, जिसने महिला को निवाला बनाया था। पकड़ा गया गुलदार नर है। गुलदार के पकड़े जाने के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली है। लेकिन साथ ही उन्होंने वन विभाग से यह मांग भी की है कि क्षेत्र में इस तरह के हमलों की पुनरावृत्ति ना हो, इसके लिए स्थायी समाधान निकाला जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *