महिला के शव की अब तक शिनाख्त नहीं, खंडहर में मिली थी अधजली लाश 

 

देहरादून। खंडहर में मिले महिला के शव का शिनाख्त हुए बिना ही पोस्टमार्टम कराया गया। गर्मी में शव तेजी से सड़ रहा था। ऐसे में पुलिस पोस्टमार्टम कराकर मौत की वजह पता लगाने की कोशिश कर रही है। शव सड़ जाता तो पोस्टमार्टम में बहुत से परीक्षणों में स्थिति साफ नहीं हो पाती है।
बुधवार को रेलवे कालोनी स्थित खंडहर में एक महिला का अधजला हुआ शव मिला था। पुलिस ने बुधवार के बाद गुरुवार को उसकी शिनाख्त की कोशिश की लेकिन सफलता नहीं मिल पाई थी। महिला के एक हाथ पर विमला लिखा हुआ था और दूसरे पर बच्चों के टैटू बने हैं। महिला के शव को शिनाख्त के लिए 72 घंटे तक मोर्चरी में रखा जाना था। इसके बाद ही उसका पोस्टमार्टम कराया जाना था। इंस्पेक्टर कोतवाली विद्याभूषण सिंह नेगी ने बताया कि शव तेजी से सड़ रहा था। ऐसे में डॉक्टरों ने उसके पोस्टमार्टम की सलाह दी थी। ताकि, मृत्यु के तरीके का पता लगाने में आसानी हो। यदि शव पूरी तरह सड़ जाता तो बहुत सी मुश्किलें सामने आ सकती थीं। य‌ही कारण रहा कि पोस्टमार्टम का निर्णय लेना पड़ा। उन्होंने बताया कि गुरुवार शाम तक पोस्टमार्टम की रिपोर्ट नहीं आई थी। रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति साफ हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *