मनरेगा योजना का नाम बदलने पर कांग्रेस नाराज, धरना देकर जताया विरोध
बागेश्वर। महात्मा गांधी रोजगार गारंटी योजना का नाम बदलने पर कांग्रेस ने कड़ी आपत्ति जताई है। नाराज कार्यकर्ताओं ने स्वराज भवन स्थित गांधी मूर्ति के पास धरना दिया। यहां हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि केंद्र सरकार ने मनरेगा जैसी योजना का नाम बदलकर योजना से महात्मा गांधी का नाम हटाने का षड्यंत्र रचा है, जिसे कांग्रेस कतई सहन नहीं करेगी। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अर्जुन भट्ट के नेतृत्व में कार्यकर्ता बुधवार को स्वराज भवन के पास एकत्रित हुए। यहां गांधी मूर्ति के आगे धरने पर बैठ गए। याहं हुई सभा में वक्ताओं ने कहा कि महात्मा गांधी रोजगार योजना का नाम बदलकर केंद्र सरकार ने विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन बिल लाकर महात्मका गांधी का नाम हटाने का षड्यंत्र रचा है। साथ ही इस बिल के नये प्रावधानों के अनुसार ग्रामीण क्षेत्र के बेरोजगारों को रोजगार गारंटी के हकों को छीनकर मनरेगा जैसी लोक कल्याणकारी योजना को बंद करने की साजिश रची जा रही है। इस मौके पर हरीश ऐठानी, गोविंद बिष्ट, भगवत डसीला, लोकमणि पाठक, सुनील भंडारी, महेश पंत, रमेश चंद्र, प्रेम राम, बहादुर बिष्ट, ईश्वर पांडेय, विनोद पाठक, राजेंद्र टंगड़िया, बालकृष्ण, मुन्ना पांडेय आदि मौजूद रहे।
पुलिस ने 04.01 ग्राम स्मैक पकड़ी
दूसरी ओर, जिले को नशामुक्त बनाने के लिए पुलिस का अभियान जारी है। इसी क्रम में कोतवाली पुलिस ने 04.01 ग्राम स्मैक पकड़ी है। युवक को न्यायालय में पेश अल्मोड़ा जेल भेज दिया है। बुधवार को कोतवाली में पुलिस उपाधीक्षक अजय लाल साह ने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि कोतवाली पुलिस मंगलवार की शाम को गश्त कर रही थी। प्रभारी कोतवाल खष्टी बिष्ट के नेतृत्व में चेकिंग के दौरान 21 वर्षीय अनिल कुमार पुत्र जगदीश राम निवासी घटबगड़ के पास 04.01 ग्राम स्मैक बरादम हुई। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया। आरोपी को बुधवार को न्यायालय में पेश किया। न्यायालय के आदेश के बाद 14 दिन की न्यायिक हिरासत में अल्मोड़ा जेल भेज दिया है। सीओ ने बताया कि पकड़ी गई स्मैक की कीमत एक लाख, 30 हजार है। आरोपी पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट में जेल जा चुका है।

