अपराध

मंदिर में माता के जेवर चुराने के बाद हाथ जोड़कर मांगी माफी; सीसीटीवी देख पुलिस भी हैरान

झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी में आस्था और अपराध का एक अजीबोगरीब संगम देखने को मिला है। यहां एक चोर ने पहले मंदिर का ताला तोड़कर माता के जेवर चोरी किए और फिर जाते-जाते गर्भगृह में मातारानी के सामने हाथ जोड़कर माफी मांगता नजर आया। चोरी की यह पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
गरौठा के बड़ी माता मंदिर का मामला
घटना झांसी के गरौठा क्षेत्र स्थित गरौठा-मढ़ां रोड पर बने प्रसिद्ध ‘बड़ी माता मंदिरÓ की है। शनिवार रात अंधेरे का फायदा उठाते हुए एक अज्ञात चोर ने मंदिर को अपना निशाना बनाया। चोर ने पहले मंदिर के मुख्य द्वार का ताला तोड़ा और अंदर दाखिल हुआ। इसके बाद उसने माता की मूर्ति पर चढ़े कीमती जेवरात उतार लिए। सुबह जब श्रद्धालु रोजाना की तरह पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, तो वहां का नजारा देख सन्न रह गए। टूटा हुआ ताला और अस्त-व्यस्त सामान देख तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
नीली हुडी में दिखा चोर, जाते समय किया प्रणाम
पुलिस ने जब मंदिर के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, तो उसमें चोर की हरकतें साफ दिखाई दीं। वीडियो में एक युवक नीले रंग की हुडी और सिर पर कैप लगाए नजर आ रहा है। वह मंदिर में घुसकर एक-एक कर सभी मूर्तियों की तलाशी लेता है और मूर्तियों पर ढके गर्म कपड़ों को हटाकर जेवर चुरा लेता है।
सबसे चौंकाने वाला दृश्य तब सामने आया, जब चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद युवक जाने लगा। फुटेज में साफ दिख रहा है कि मंदिर से निकलने से ठीक पहले वह रुकता है और दो बार भगवान के सामने हाथ जोड़ता है, मानो अपने पाप के लिए माफी मांग रहा हो।
पुलिस कर रही चोर की तलाश
यह वीडियो अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि क्या अपराध करने के बाद भगवान से माफी मांगने से पाप कम हो जाता है? वहीं, इस मामले में गरौठा थाना प्रभारी ने बताया कि मंदिर में चोरी का सीसीटीवी वीडियो पुलिस के हाथ लगा है। हालांकि, अभी तक मंदिर प्रबंधन या किसी अन्य पक्ष की ओर से कोई लिखित शिकायत (तहरीर) नहीं दी गई है। शिकायत मिलने के बाद ही चोरी गए सामान की कीमत का सही आकलन हो पाएगा। फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर हुडी पहने युवक की पहचान करने और उसकी तलाश में जुटी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *