भूमाफिया यशपाल के राइट हैंड गुर्गे पर दस हजार का इनाम
हरिद्वार। एसटीएफ के रडार पर आए पूर्वी उत्तर प्रदेश के चर्चित भू माफिया यशपाल तोमर के राइट हैंड धीरज डिगानी पर दस हजार का इनाम घोषित किया गया है। आरोपी की तलाश में एसटीएफ कई प्रदेशों में छापमारी करने में जुटी है।
एसटीएफ ने भूमाफिया यशपाल तोमर की 153 करोड़ की चल अचल संपत्तियां कुर्क करते हुए उसके खिलाफ बड़ी कार्रवाई थी। सामने आया था कि शातिर यशपाल का नेटवर्क उसका राइट हैंड धीरज डिगानी निवासी न्यू लामलपुर जगतपुरी शाहदरा नई दिल्ली संभालता है। मूल रूप से राजस्थान निवासी और फर्राटेदार अंग्रेजी बोलने वाले धीरज ने वकालत की पढ़ाई की है और लोगों के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज कराने का ताना बाना वो ही बुनता था। हत्थे न चढ़ने पर एसटीएफ ने धीरज के खिलाफ कुर्की की कार्रवाई कर दी। एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि धीरज पर दस हजार का इनाम घोषित किया गया है। उसकी धरपकड़ में एसटीएफ जुटी है, जल्द ही उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।

