राजनीति

भाजपा कर रही नफरत फैलाने की राजनीतिः धस्माना

देहरादून। देर रात राजधानी के दून अस्पताल के परिसर में  बनी अवैध मजार को ध्वस्त कर दिया गया। सीएम पोर्टल पर दर्ज शिकायत को प्रशासनिक जांच ने पूरा करते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की गई। इस मामले में   कांग्रेस पार्टी की प्रतिक्रिया सामने आई है।
कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संगठन एवं प्रशासन सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि दून अस्पताल परिसर में स्थित मजार को प्रशासन ने ध्वस्त कर दिया है, इसको लेकर कांग्रेस पार्टी का यही कहना है कि अवैध निर्माण के खिलाफ की जा रही कार्रवाई को लेकर पार्टी को कोई आपत्ति नहीं है। लेकिन केंद्र और राज्य सरकार का एजेंडा सिर्फ मजारों और मदरसों पर कार्रवाई तक ही सीमित रह गया है। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा किसी न किसी बहाने समाज में नफरत फैलाने तक ही रह गई है। सरकार का काम हिंदू मुसलमान का नैरेटिव सेट करने तक ही रह गया है। इसके अलावा सरकार के पास कोई काम नहीं रह गया है। अगर दून अस्पताल की मजार अवैध थी तो इसका जवाब उत्तराखंड का वक्फ बोर्ड देता, क्योंकि बोर्ड उस मजार का संचालन कर रहा था। जब से उत्तराखंड का गठन हुआ है, तब से उस मजार का तमाम मैनेजमेंट उत्तराखंड वक्फ बोर्ड के अधीन था। राज्य गठन से पहले इस मजार का संचालन उत्तर प्रदेश वक्फ बोर्ड किया करता था। यह मजार अवैध थी या फिर नहीं थी, इसका जवाब वक्फ बोर्ड ही दे सकता था। बता दें कि मुख्यमंत्री हेल्पलाइन पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद जिलाधिकारी देहरादून द्वारा इस मामले पर जांच पड़ताल किए जाने को कहा गया था। प्रशासनिक जांच पूरी होने के बाद देर रात बुलडोजर से इस मजार को ध्वस्त कर दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *